
इंदौर। स्थानीय श्री श्री रविशंकर विद्या मंदिर में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर गरबा महोत्सव एवं कन्या पूजन का आयोजन उत्साह के साथ किया गया।
समारोह का शुभारंभ प्राचार्या कंचन तारे ने नर्सरी कक्षा की छोटी-छोटी छात्राओं के भावपूर्ण कन्या पूजन एवं मां दुर्गा की महाआरती के साथ किया। तत्पश्चात आयोजित अंतर-सदन गरबा प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों ने पारंपरिक वेशभूषा में मनमोहक और ऊर्जावान प्रस्तुतियां दीं।
कड़े मुकाबले के बीच उत्कृष्ट लयबद्धता और पारंपरिक ताल-मेल का प्रदर्शन करते हुए ‘युक्ति हाउस’ ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता की ट्रॉफी अपने नाम की। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों ने भी पारंपरिक गरबा धुनों पर झूमते हुए उत्सव का भरपूर आनंद लिया। प्राचार्या कंचन तारे ने विजेता युक्ति हाउस को बधाई दी तथा सभी प्रतिभागियों के प्रयास व सांस्कृतिक समर्पण की सराहना की।



