8 दिन से बिजली की आंख-मिचौली, उमस में बेहाल बेहरी के लोग
बार-बार गुल हो रही बिजली से घरेलू कामकाज से लेकर खेती तक प्रभावित

बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। भीषण उमस के बीच बेहरी क्षेत्र में पिछले आठ दिनों से बिजली की आंख-मिचौली ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। दिनभर बिजली के आने-जाने का सिलसिला बना रहने से जहां घरों में लोग उमस से बेहाल हैं, वहीं शाम के समय बिजली गुल होने से रोजमर्रा के कामकाज में भी दिक्कतें आ रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत आपूर्ति कब बंद हो जाए और कब शुरू हो, इसका कोई भरोसा नहीं रह गया है।
इन दिनों खरीफ फसलों की तैयारी को लेकर किसान और श्रमिक दिनभर खेतों में काम कर रहे हैं। शाम को काम से घर लौटने के बाद बिजली बंद मिलने से परिवारों की परेशानी और बढ़ जाती है। भोजन तैयार करने सहित घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। उमस के कारण पंखे और अन्य विद्युत उपकरणों पर निर्भरता बढ़ी हुई है, लेकिन बार-बार बिजली गुल होने से लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।
अनियमित विद्युत आपूर्ति का असर कृषि कार्यों पर भी पड़ रहा है। किसानों के अनुसार बिजली की लगातार आवाजाही के कारण खेतों में आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि विद्युत व्यवस्था इसी तरह लड़खड़ाती रही तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है।
हिंदू संगठन के प्रदेश महामंत्री केदार पाटीदार, हरीश उपाध्याय, रामप्रसाद सेठ, हुकम सिंह बनेडिया, रवि दांगी, प्रद्युम्न दांगी, डॉ. संतोष चौधरी, दिनेश बामनिया सहित अन्य उपभोक्ताओं ने विद्युत व्यवस्था में सुधार कर नियमित और निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की है। उपभोक्ताओं का कहना है कि गर्मी और उमस के इस दौर में लगातार बिजली गुल होना आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन रहा है।




