प्रशासनिक

जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों से खाद्य सामग्री के नमूने लिए, दो प्रतिष्ठानों को किया सील

Share

 

देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशानुसार जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य सामग्री के नमूने लेकर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 6 सितंबर को विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त दल द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

नायब तहसीलदार बागली रवि शर्मा के नेतृत्व में संयुक्त दल द्वारा दूध में मिलावट संबंधी शिकायत की जांच के लिए बागली स्थित राधे कृष्णा दूध डेयरी का निरीक्षण किया गया। दल द्वारा प्रतिष्ठान से दूध एवं पनीर के नमूने लिए गए। साथ ही नियमानुसार प्रतिष्ठान को सील करने की कार्रवाई की गई।

इसी प्रकार तहसीलदार हाटपीपल्या के नेतृत्व में संयुक्त दल द्वारा हाटपीपल्या क्षेत्र के खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। दल ने श्री पटेल स्वीट्स एण्ड डेयरी, हाटपीपल्या से मिल्क केक, दूध एवं पनीर के नमूने लिए। वहीं राजस्थान स्वीट्स एण्ड नमकीन कारखाना, चन्द्रवाल कॉलोनी, हाटपीपल्या से मीठा मावा का नमूना लिया गया। निरीक्षण के दौरान राजस्थान स्वीट्स एण्ड नमकीन कारखाना के पास वैध खाद्य लायसेंस नहीं पाए जाने पर कारखाने को सील करने की कार्रवाई की गई।

खाद्य पदार्थों के लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button