देवासशिक्षा

पानी से लबालब अंडरब्रिज में स्कूली बच्चों से भरा मैजिक उतारा, बीच रास्ते बंद हुआ वाहन

रात में बैरिकेड्स के बावजूद चालक ने हटाकर वाहन पानी में उतारा; रस्सी की मदद से किया सुरक्षित रेस्क्यू

Share

 

देवास। सोमवार शाम हुई तेज बारिश ने शहर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। सिविल लाइन अंडरब्रिज में करीब चार फीट पानी जमा होने के बाद रात में ही रास्ता बैरिकेड्स लगाकर बंद कर दिया गया था।

इसके बावजूद मंगलवार सुबह स्कूली बच्चों से भरा मैजिक वाहन चालक बैरिकेड्स हटाकर जलमग्न अंडरब्रिज में ले गया। कुछ दूरी तय करने के बाद पानी के बीच वाहन बंद हो गया। मैजिक में सिटी कान्वेंट स्कूल के बच्चे और एक शिक्षिका सवार थे। अचानक वाहन रुकने से बच्चों में घबराहट फैल गई।

बच्चों ने रोका, फिर भी पानी में उतार दिया वाहन-
बताया गया कि सुबह अंडरब्रिज में अब भी काफी पानी भरा था। बच्चों ने चालक को पानी में वाहन नहीं उतारने के लिए रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन चालक ने उनकी बात नहीं मानी और बैरिकेड्स हटाकर मैजिक को अंडरब्रिज में उतार दिया। पानी अधिक होने के कारण कुछ दूरी पर पहुंचते ही वाहन बंद हो गया।

स्थिति बिगड़ने के बाद चालक वाहन को वहीं छोड़कर चला गया। मैजिक में फंसे बच्चों और शिक्षिका के बीच उस समय घबराहट का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधि-
घटना की जानकारी मिलने पर एल्डरमैन दिनेश सांखला मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय पार्षद प्रतिनिधि राहुल पवार से फोन पर चर्चा की, जिसके बाद पवार भी मौके पर पहुंच गए। बच्चों को वाहन से सुरक्षित निकालने के लिए पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में प्रशासन की गाड़ी भी मौके पर पहुंची।

करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद रस्सी की मदद से मैजिक वाहन को पानी से बाहर निकाला गया। बच्चों और शिक्षिका को सुरक्षित बाहर निकालकर स्कूल भेज दिया गया। राहत की बात रही कि घटना में किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई।

एक पंप खराब होने से रातभर जमा रहा पानी-
पार्षद प्रतिनिधि राहुल पवार के मुताबिक, सोमवार शाम तेज बारिश के बाद अंडरब्रिज में करीब चार फीट पानी जमा हो गया था। स्थिति को देखते हुए रात में ही बैरिकेड्स लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया था, ताकि कोई वाहन जलभराव वाले हिस्से में प्रवेश न करे।

पवार ने बताया कि पानी निकालने के लिए लगाए गए पंप में से एक खराब होने के कारण रातभर पानी पूरी तरह नहीं निकल सका। इसके बावजूद सुबह चालक द्वारा बैरिकेड्स हटाकर स्कूली वाहन को अंडरब्रिज में ले जाना गंभीर लापरवाही है।

हादसा टला, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल-
घटना में सभी बच्चे और शिक्षिका सुरक्षित हैं, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि जब अंडरब्रिज में करीब चार फीट पानी भरा था और रात में रास्ता बैरिकेड्स लगाकर बंद किया गया था, तो सुबह उन बैरिकेड्स को हटाकर वाहन अंदर कैसे पहुंच गया?

Back to top button