मनकामेश्वर से जटाशंकर तक बच्चों की कावड़ यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
बेहरी में पहली बार निकली बाल गोपाल कावड़ यात्रा, बच्चों ने लगाए जयकारे, नगरवासियों ने किया स्वागत

धार्मिक संस्कार और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। मनकामेश्वर भोमिया जी हनुमान मंदिर से पहली बार बाल गोपाल कावड़ यात्रा रविवार को निकाली गई। इसकी तैयारी एक दिन पहले ही पूरी कर ली गई थी।
यात्रा का शुभारंभ प्रातः 9:30 बजे मनकामेश्वर भोमियाजी हनुमान मंदिर पर पंडित विद्याधर वैष्णव द्वारा अभिषेक पूजन के साथ हुआ। इसके बाद बच्चों ने भोलेनाथ के दर्शन कर कावड़ उठाई और बोल बम, हर-हर महादेव के जयकारे लगाते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए श्री जटाशंकर महादेव मंदिर पहुंचे। वहां भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक एवं पूजन किया गया।
आयोजकों ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य बच्चों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक संस्कार, सामाजिक समरसता, स्वदेशी भावना, नागरिक कर्तव्य और पर्यावरण संरक्षण जैसे मूल्यों को बढ़ावा देना है। बच्चों ने जटाशंकर को जाना है महादेव को जल चढ़ाना है” के जयघोष के साथ पूरे क्षेत्र को भक्तिमय कर दिया।
कावड़ यात्रा का बेहरी फाटे पर देवनारायण मंदिर पर स्वागत किया गया। वरिष्ठ पत्रकार ठाकुर तंवर, जगदीश गुप्ता, शैलेंद्र शक्तावत, सेवानिवृत्त शिक्षक प्रमोद उपाध्याय, जय गोस्वामी, लखवाड़ा सरपंच रामचंद्र देलमिया, दुर्गेश शेरा, गौरव जयसवाल, राधेश्याम शेरा, राधेश्याम विश्वकर्मा, भारत सिंह आदि शामिल थे।




