42 वर्षों की प्रेरणादायी सेवा के बाद प्राचार्य अनिल सोलंकी हुए सेवानिवृत्त

विद्यालय परिवार ने भावभीनी विदाई देकर किया सम्मान
देवास। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंगावदा के प्राचार्य अनिल सोलंकी 42 वर्षों की गौरवपूर्ण शैक्षणिक सेवा पूरी करने के बाद सेवानिवृत्त हो गए।
विद्यालय परिवार ने भावभीने विदाई समारोह का आयोजन कर शाल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं पुष्पमालाओं से उनका सम्मान किया। समारोह में शिक्षा अधिकारियों और शिक्षकों ने उनके अनुशासन, ईमानदारी और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण की सराहना की।
ये भी पढ़ें: कर्मचारी का रिटायरमेंट एक सरकारी प्रक्रिया है, लेकिन समाजसेवा और देश सेवा करने का बेहतर अवसर – श्री व्यास
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त सहायक संचालक गेरूलाल व्यास थे। अध्यक्षता जिला शिक्षा अधिकारी राजीव सूर्यवंशी ने की। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी हीरालाल खुशाल, हरिसिंह भारतीय, पूर्व प्राचार्य विजय श्रीवास्तव, सुंदरलाल परमार, उर्मिला शर्मा, राजश्री काले एवं राजकुमार चंदन उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें: 40 साल पढ़ाने वाले गुरुजी की ऐसी विदाई, बग्गी में बैठाकर पूरे गांव ने निकाला सम्मान जुलूस
गेरूलाल व्यास ने बताया कि अनिल सोलंकी ने 5 दिसंबर 1984 को सहायक शिक्षक के रूप में सेवा शुरू की थी। विभिन्न विद्यालयों में अपनी उत्कृष्ट सेवाएं देते हुए वे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंगावदा के प्राचार्य बने और 31 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त हुए।
ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा बनी पहचान
पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी हीरालाल खुशाल और हरिसिंह भारतीय ने उनके कार्यकाल को प्रेरणादायी बताया।
जिला शिक्षा अधिकारी राजीव सूर्यवंशी ने कहा कि सोलंकी ने विद्यालय संचालन के साथ माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल की परीक्षाओं से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्व भी सफलतापूर्वक निभाए। जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद करना और हर कार्य को समयबद्ध व पूरी निष्ठा से पूरा करना उनकी विशेष पहचान रही।
सफलता का श्रेय साथियों और अभिभावकों को
सम्मान से अभिभूत अनिल सोलंकी ने अपनी 42 वर्षों की सेवा का श्रेय विद्यालय परिवार, सहकर्मियों, विद्यार्थियों और उनके पालकों-अभिभावकों को दिया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और विश्वास ने उन्हें हर जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभाने की प्रेरणा दी।
ये भी पढ़ें: अतिथि शिक्षक ई-अटेंडेंस सिस्टम से परेशान, नेटवर्क की समस्या बनी बड़ी बाधा
समारोह में अनीता श्राफ, वैशाली तावसे, मीना शिवहरे, उमा भटेले, सुनील पटेल, विजय पटेल, सलीम खान, कृष्णमूर्ति शिवहरे सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अशोक बुनकर ने तथा आभार प्रदर्शन बसंत व्यास ने किया।
ये भी पढ़ें: राधा बसंत व्यास मप्र शिक्षक संघ की संभागीय सह सचिव बनी




