देवासधर्म-अध्यात्म

योगिनी एकादशी पर भोमिया जी सरकार का विशेष अभिषेक

Share

 

क्षेत्र की मंगलमय कामना और अच्छी वर्षा के लिए की पूजा-अर्चना

बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। आषाढ़ माह के कृष्ण पक्ष की योगिनी एकादशी के अवसर पर शनिवार को बेहरी-बागली मार्ग स्थित क्षेत्र के प्रसिद्ध मनकामेश्वर भोमिया जी हनुमान मंदिर में विशेष अभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने मनोकामना पूर्ण होने पर क्षेत्र में अच्छी वर्षा और सभी की मंगलमय कामना के लिए पूजा की।

अभिषेक की यजमानी जयप्रकाश शर्मा धर्मपत्नी पूनम शर्मा व हरीश शर्मा ने की। पंडित गोपाल शर्मा, विद्याधर वैष्णव, आयुष दुबे, भावेश शर्मा सहित 5 बटुक ब्राह्मणों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक संपन्न कराया गया। मंदिर के पुजारी विद्याधर वैष्णव ने पूजा संपन्न कराई।
पुजारी विद्याधर वैष्णव ने बताया कि योगिनी एकादशी की अत्यधिक धार्मिक मान्यता है। माना जाता है कि इस दिन पूरे मनोभाव से व्रत रखने पर मनोकामना पूर्ण होकर जीवन के सभी कष्ट दूर होते हैं और पापों से मुक्ति मिलती है।

धार्मिक मान्यता है कि योगिनी एकादशी का व्रत करने पर 88 हजार ब्राह्मणों को भोजन करवाने जितना पुण्य मिलता है। इसे नाशक एकादशी भी कहा जाता है। पद्म पुराण के अनुसार, यह व्रत सभी पापों का नाश करने वाला है। शारीरिक या मानसिक कष्टों से परेशान व्यक्ति के लिए इस दिन की पूजा अत्यंत लाभकारी मानी जाती है।
सालभर में 24 एकादशी पड़ती हैं। आषाढ़ माह के कृष्ण पक्ष में पड़ने वाली एकादशी को योगिनी एकादशी कहा जाता है।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सीमा कमल यादव, एडवोकेट देवेंद्र गोस्वामी, पूर्व सरपंच रामचंद्र दांगी, एडवोकेट गोविंद यादव, देवकरण यादव, शेर सिंह यादव, सेवानिवृत्ति फौजी जय गोस्वामी, उप सरपंच लखन दांगी, शिवनारायण वर्मा, शिव पटेल, माखन पाटीदार, राहुल पटेल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने क्षेत्र में समय पर अच्छी वर्षा और सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर महिला मंडल द्वारा भजन कीर्तन भोजन भंडारे का आयोजन हुआ।

Back to top button