मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू

7 अगस्त को होगी प्रतियोगिता, 25 जुलाई तक ऑनलाइन होंगे आवेदन
देवास। मध्य प्रदेश के इतिहास, संस्कृति, पर्यटन और लोक कलाओं से स्कूल विद्यार्थियों को जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित होने वाली एमपी टूरिज्म क्विज 2026 के लिए ऑनलाइन पंजीयन शुरू हो गए हैं।
मध्य प्रदेश पर्यटन बोर्ड और स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वाधान में एवं जिलाधीश ऋतुराज सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता की जिला स्तरीय स्पर्धा 7 अगस्त को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय श्री नारायण विद्या मंदिर क्रमांक एक देवास में होगी।
क्विज के नोडल अधिकारी एवं प्राचार्य केके मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं जो 25 जुलाई की शाम 5.30 बजे तक जारी रहेंगे। इसमें सभी शासकीय और अशासकीय स्कूलों के कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। प्रत्येक स्कूल से तीन विद्यार्थियों की एक टीम का पंजीयन कराया जा सकेगा।
परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण स्मिता रावल ने जानकारी देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में मध्य प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों पर्यटन स्थलों संस्कृति और लोक परंपराओं के प्रति रुचि विकसित करना है। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक विद्यार्थी अपने स्कूल के माध्यम से प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट पर 25 जुलाई तक ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं।




