स्वास्थ्य

बारिश में बीमारियों का खतरा! स्वास्थ्य विभाग की चेतावनी, ये 5 सावधानियां जरूर अपनाएं

Share

 

देवास। बारिश के मौसम में थोड़ी सी भी लापरवाही गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकती है।

इस मौसम में हैजा, पीलिया, टायफाइड, उल्टी, दस्त, पेचिश और मच्छर जनित मौसमी बीमारियों का खतरा काफी बढ़ जाता है। इन बीमारियों की रोकथाम और आमजन के बचाव के लिए देवास जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य एडवाइजरी जारी की गई है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि बरसात के दिनों में बीमारियों से बचने का सबसे प्रभावी उपाय स्वच्छ पानी, स्वच्छ वातावरण और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखना है। दस्त, उल्टी, तेज बुखार या लगातार कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें तो स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचकर चिकित्सक के परामर्श अनुसार उपचार लें।

उन्‍होंने बताया कि हमेशा उबला हुआ, फिल्टर किया हुआ या क्लोरीन युक्त स्वच्छ पानी ही पियें। जल जनित बीमारियों से बचने के लिए पानी की टंकियों और बर्तनों को हमेशा ढंक कर रखें तथा समय-समय पर इनकी नियमित सफाई करें। भोजन को हमेशा ढंक कर रखें और केवल ताजा एवं गर्म भोजन का ही सेवन करें।

व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों से बचने के लिए घर के आस-पास कहीं भी पानी जमा न होने दें। अपने घर, आंगन और आस-पास के परिसर की नियमित सफाई रखें।

बदलते मौसम में बच्चों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित हो सकती है। इनके स्वास्थ्य का विशेष ख्याल रखें।

 

Back to top button