योगासन की मुद्राओं से सजा विद्यालय परिसर, विद्यार्थियों ने दिया स्वास्थ्य का संदेश

क्षिप्रा (राजेश बराना)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह के साथ में मनाया गया। संकुल प्राचार्य राजीव सूर्यवंशी के निर्देशानुसार में प्रातः 6 बजे से पूर्व विद्यार्थियों का स्कूल परिसर में एकत्रीकरण हुआ। उन्हें विधिवत पंक्तिबद्ध निश्चित अंतराल से बिठाया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व पीटीआई सलीम शेख और भाजपा जिला मंत्री कपिल सिंह पंवार, आयुष विभाग क्षिप्रा के डॉ. सुभाष भार्गव, खेल एवं कल्याण विभाग के विकासखंड समन्वयक यूनुस खान, मण्डल उपाध्यक्ष क्षिप्रा डॉ. विष्णु पटेल, क्षिप्रा मंडल महामन्त्री संजय जावरिया की उपस्थिति में अतिथियों ने माता सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर और उन पर माल्यार्पण कर पूजन-अर्चन किया। विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का सीधा प्रसारण कोलकाता से हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री का उद्बोधन हुआ। ठीक 7 बजे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रोटोकॉल कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। योग शिक्षक कृष्णकांत शर्मा, बाबूलाल पटेल, महेश यादव, राजेश बराना प्रजापति द्वारा सर्वप्रथम प्रार्थना, चालन क्रियाएं, खड़े होकर किए जाने वाले आसन, बैठकर किए जाने वाले आसन, पेट के बल किए जाने वाले आसन और पीठ के बल किए जाने वाले आसनों का समावेश किया गया।

आसनों के पश्चात कपालभाति, अनुलोम विलोम, शीतली, भ्रामरी प्राणायाम के पश्चात सभी ने ध्यान में प्रवेश किया। योग संबंधी संकल्प को दोहराया गया। अन्त में ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामया:’ श्लोक के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर बड़ी संख्या छात्र-छात्राएं और स्कूल स्टॉफ व क्षिप्रा के जनप्रतिनिधि, पालकगण उपस्थित हुए। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका दीपा शर्मा ने किया। आभार योग प्रभारी रेखा सिंह ने माना।




