वरुण को लेकर कोई चिंता नहीं, वे दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज

– फाइनल से पहले कप्तान सूर्या ने दिखाया भरोसा, सैंटनर बोले भीड़ को शांत करना चाहेंगे
अहमदाबाद। आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 का फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच खेला जाएगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से शुरू होगा। मुकाबले से एक दिन पहले 7 मार्च को दोनों टीमों के कप्तानों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी रणनीति और टीम की तैयारी को लेकर खुलकर बात की।
सूर्या बोले वरुण को लेकर कोई चिंता नहीं-
भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पिनर वरुण चक्रवर्ती की हाल की फॉर्म को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने साफ कहा कि टीम को उनके प्रदर्शन को लेकर कोई चिंता नहीं है। वे दुनिया के नंबर-1 टी20 गेंदबाज हैं। हर खिलाड़ी का कभी-कभी कठिन दिन हो सकता है, लेकिन यह टीम गेम है और बाकी खिलाड़ी उस दिन कवर कर लेते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि टीम जीत या हार को किसी एक खिलाड़ी से नहीं जोड़ती और पूरी टीम के सामूहिक प्रदर्शन पर ध्यान देती है। वरुण चक्रवर्ती इस टूर्नामेंट में भारत के प्रमुख विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल हैं।
प्लेइंग इलेवन पर सूर्या का जवाब-
जब उनसे पूछा गया कि फाइनल में टीम में बदलाव होगा या नहीं, तो भारतीय कप्तान ने कहा कि इसका जवाब मैच के दिन ही मिलेगा। टीम में बदलाव होंगे या नहीं, यह आपको कल पता चल जाएगा। सब कुछ आज ही नहीं बताया जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि टीम किसी विशेष स्कोर के लक्ष्य के साथ मैदान में नहीं उतरती बल्कि परिस्थितियों के अनुसार खेलती है।
सैंटनर के बयान पर सूर्या की प्रतिक्रिया-
कप्तान मिचेल सैंटनर के “भीड़ को शांत करने” वाले बयान पर सूर्यकुमार ने कहा कि बड़े मैचों से पहले ऐसे बयान अक्सर सुनने को मिलते हैं। हर टीम यही बात दोहराती है और उन्हें मैदान पर अच्छे क्रिकेट पर ध्यान देना है।
सैंटनर बोले “जरूरत पड़ी तो भारतीय दिल भी तोड़ देंगे-
न्यूज़ीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, कि उनकी टीम बड़े मैच खेलने की आदी है और वे भारतीय दर्शकों के दबाव से प्रभावित नहीं होंगे।
सैंटनर ने कहा कि अगर मौका मिला तो उनकी टीम ट्रॉफी जीतकर भारतीय प्रशंसकों की खुशी छीनने से भी पीछे नहीं हटेगी।
दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम में होगा महामुकाबला-
अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम माना जाता है और फाइनल में करीब एक लाख दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। भारत के पास तीसरी बार टी20 विश्व कप जीतने का मौका है, जबकि न्यूज़ीलैंड पहली बार यह खिताब अपने नाम करने के इरादे से मैदान में उतरेगा। अब क्रिकेट प्रेमियों की नजर इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर टिकी है, जहां दोनों टीमें विश्व चैंपियन बनने के लिए पूरी ताकत के साथ उतरेंगी।




