सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने वाला समाज है पाटीदार समाज- मुख्यमंत्री डॉ. यादव

मुख्यमंत्री ने किया पाटीदार समाज के प्रांतीय कार्यालय ‘श्री वासुदेव परिसर’ का भूमि पूजन
उज्जैन। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में पाटीदार समाज के प्रांतीय कार्यालय ‘श्री वासुदेव परिसर’ का भूमि पूजन कर एक ऐतिहासिक कार्यक्रम की शुरुआत की। समाजसेवियों के दान से रत्नाखेड़ी चिंतामण गणेश मंदिर रोड पर साकार हो रहे इस भव्य निर्माण कार्य की लागत करीब 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है, जो पाटीदार समाज के लिए एक नया संगम बनेगी। हजारों समाजजन की मौजूदगी में आयोजित इस समारोह ने सामाजिक एकता का अनुपम उदाहरण पेश किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एक भारत श्रेष्ठ भारत के प्रणेता, देश को एकता के सूत्र में पिरोने वाले लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल को महाकाल की नगरी अवंतिका से प्रणाम। कार्यक्रम में पधारे सभी पाटीदार समाज के बंधुओं का स्वागत एवं अभिनंदन है। भारत को यह एकता और अखंडता, किसी संयोग से नहीं मिली। यह सरदार पटेल की दृढ़ इच्छाशक्ति, अदम्य साहस और राष्ट्र के प्रति अगाध समर्पण का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1947 में जब भारत को आज़ादी मिली, तब देश 562 रियासतों में बंटा हुआ था। यह एक अत्यंत जटिल और चुनौतीपूर्ण समय था। ऐसे में गृह मंत्री एवं उप प्रधानमंत्री के रूप में सरदार पटेल ने जो दृढ़ संकल्प और राजनीतिक कौशल दिखाया, वह इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में लिखा गया। उन्होंने सभी को जोड़कर संगठित भारत का निर्माण किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात के केवड़िया में दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित कर सरदार पटेल की स्मृति को अमर कर दिया है। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में मध्यप्रदेश पाटीदार समाज संगठन के प्रदेश कार्यालय का भूमि पूजन करना सौभाग्य की बात है।

पाटीदार समाज सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने वाला समाज है। पाटीदार समाज खेती से लेकर उद्योग, व्यापार, शिक्षा, राजनीति से लेकर सामाजिक सेवा तक हर क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान रखता है और राष्ट्र निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह भूमिपूजन सिर्फ भवन निर्माण का नहीं है अपितु मजबूत इच्छाशक्ति, एकजुटता और उज्जवल भविष्य की नींव है।
राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार ने कहा कि बाबा श्री महाकाल के आशीर्वाद से मुख्यमंत्री डॉ. यादव के हाथों से कार्यालय का भूमि पूजन हो रहा है। कार्यालय में रोजगार सृजन के कार्य भी किए जाएंगे। उन्होंने सभी दानदाताओं को धन्यवाद भी दिया। कार्यक्रम में शाजापुर विधायक अरुण भीमावद ने भी संबोधन देकर समाजजनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दीप प्रज्वलित कर की। इसके पश्चात सरदार वल्लभ भाई पटेल की मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया।
कार्यक्रम में पाटीदार समाज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कृष्णकांत पटेल, शांतिलाल गामी, लक्ष्मी देवी पति स्व. वासुदेव पाटीदार, सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक बालकृष्ण पाटीदार, राजेश धाकड़, संजय अग्रवाल, रवि सोलंकी एवं हजारों की संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने अपने संबोधन में समाज की एकजुटता पर जोर दिया और निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करने का आह्वान किया। अतिथियों ने समाज की एकता, शिक्षा, सेवा और संगठन को मजबूत करने पर बल दिया।

दानवीरों का योगदान: 3 करोड़ की मिसाल-
समाजसेवी मनोहर पिता स्व. वासुदेव पाटीदार ने इस निर्माण कार्य के लिए 3 करोड़ रुपये का दान दिया, जो अन्य दानदाताओं के सहयोग से और मजबूत हुआ। कार्यक्रम में सामाजिक एकता, संगठन विस्तार और भावी योजनाओं को लेकर सकारात्मक चर्चा भी हुई। देवास सहित प्रदेश भर से पाटीदार समाज के हजारों सदस्य कार्यक्रम में पहुंचे, जिसने पूजन को उत्सव का रूप दे दिया।
यह जानकारी केदार पाटीदार राष्ट्रीय हिन्दू संगठन टीम ने देते हुए कहा कि यह परिसर सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक गतिविधियों का केंद्र साबित होगा।





