धर्म-अध्यात्म

नवरात्रि पर्व पर संस्था अनंता के पंडाल में उमड़ रहे हैं श्रद्धालु

Share

 

– कलेक्टर एवं एसपी ने की पूजा-अर्चना, भक्तों को वितरित किया महाप्रसाद

देवास। मां चामुंडा की नगरी देवास में शारदीय नवरात्रि पर्व पर हर दिन आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में सामाजिक संस्था अनंता द्वारा सयाजी द्वार के सामने चामुंडा कॉम्प्लेक्स परिसर में भव्य पंडाल सजाया गया है, जहां प्रतिदिन मां दुर्गा की पूजा-अर्चना और महाआरती का आयोजन किया जा रहा है।

नवरात्रि के प्रथम दिन प्रेस क्लब के समस्त पत्रकारगणों ने मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना कर महाआरती की। इसी अवसर पर फरियाली प्रसाद भंडारे का शुभारंभ किया गया, जिसमें देर रात तक भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया।

नवरात्रि के द्वितीय दिन जिले के प्रशासनिक और सामाजिक गणमान्यजन पंडाल में पहुंचे। इस दौरान कलेक्टर ऋतुराज सिंह, पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत, भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव एवं नगर अभिभाषक संघ के अभिभाषकगण ने मां दुर्गा का पूजन-अर्चन कर महाआरती की। तत्पश्चात फरियाली खिचड़ी प्रसाद भंडारे का शुभारंभ किया गया और सभी अतिथियों ने स्वयं भक्तजनों को प्रसाद वितरित किया।

प्रतिदिन विशेष आयोजन-
संस्था अनंता के संयोजक अजय सेंधव एवं मीडिया प्रभारी दिनेश सांखला ने बताया कि संस्था के मार्गदर्शक भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव के मार्गदर्शन में प्रतिदिन मां दुर्गा की आरती और भंडारे का आयोजन हो रहा है। प्रतिदिन हजारों भक्तजन पंडाल में आकर मां के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं।

विशेष बात यह है कि इस पंडाल में मातारानी का पूजन आचार्य पंडित विजय कुमार शर्मा के आचार्यत्व में किया जा रहा है।
संस्था अनंता की ओर से पंडाल में पधारने वाले प्रत्येक अतिथि का मंगल तिलक कर एवं माता जी का लाल दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया जा रहा है।

देर रात तक चलता है भंडारा-
संस्था के संयोजक ने बताया कि प्रतिदिन रात्रि 9 बजे महाआरती के पश्चात भंडारे की शुरुआत होती है, जो देर रात तक चलता है। इस दौरान हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। इस भंडारे में संस्था अनंता परिवार के सभी कार्यकर्ता विशेष रूप से सहयोग करने के साथ सेवा कार्य में जुटे हैं।

Back to top button