एक दिवसीय रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप मेला युवा संगम कार्यक्रम 7 जुलाई को

इंदौर। राज्य शासन की मंशा के अनुसार इंदौर जिले के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कम्पनियों में नौकरी दिलाने के लिए युवा संगम कार्यक्रम के अन्तर्गत रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिसशिप मेला लगातार आयोजित किये जा रहे हैं।
इसी सिलसिले में एक संयुक्त रोजगार मेला (युवा संगम) जिला रोजगार कार्यालय, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था और जिला उद्योग केन्द्र इन्दौर के संयुक्त तत्वावधान में 7 जुलाई सोमवार को प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था नन्दा नगर में आयोजित होगा।

उप संचालक (रोजगार) पीएस मण्डलोई ने बताया कि उक्त रोजगार मेले में आवेदकों को कॅरियर बनाने का सुनहरे अवसर के साथ-साथ स्वयं का व्यवसाय प्रारम्भ करने के लिये लोन की प्रक्रिया हेतु मार्गदर्शन भी दिया जायेगा।
रोजगार मेले में कई प्रतिष्ठित कम्पनियां जैसे- फार्मा ग्रोथ, औशियन मोटर्स, निलान्चल इन्फ्रा, कॅरीफास्ट लाजिस्टीक, राणा मोटर्स, श्यामटाटा मोटर्स, आईसेक्ट आदि उपस्थित रहेगी। कम्पनियों के प्रतिनिधियों द्वारा लेखापाल, एचआर, सैल्स, बीपीओ, टेक्नीशियन, पेकर / लोडर, मार्केटिंग आदि के 350 से अधिक रिक्त पदों की पूर्ति हेतु प्रारम्भिक रूप से साक्षात्कार लेकर चयन किया जायेगा।

उक्त रोजगार मेले में 18 से 40 वर्ष तक के आवेदक जिनकी शैक्षणिक योग्यता हाईस्कूल से लेकर स्नातकोत्तर किसी भी विषय में उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। साथ ही तकनीकी योग्यता जैसे आईटीआई/ पॉलिटेक्निक के आवेदक भी उक्त पदों हेतु योग्यता अनुसार रोजगार प्राप्त कर सकते हैं।
रोजगार मेले में सम्मिलित होने वाले आवेदक अपनी समस्त शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण पत्रों के साथ बायोडेटा एवं अन्य प्रमाणपत्रों की प्रतियों भी आवश्यक रूप से साथ लाएं।




