राजनीति

जनता को भिखारी बताने वाले अपने पद से इस्तीफा दे- कांग्रेस

Share

– भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस करेगी 15 मार्च तक ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तरीय आंदोलन

देवास। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर आज पूरे प्रदेश में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई।

देवास में जिले के नियुक्त प्रवक्ता अमित चौरसिया ने बुधवार को पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा, कि प्रदेश की भाजपा सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल द्वारा जनता को भिखारी बताए जाने की उनकी ओछी मानसिकता और भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों के विरोध में आवाज को बुलंद करने का निर्णय कांग्रेस पार्टी द्वारा लिया गया है।

श्री चौरसिया ने, कहा कि भाजपा सरकार ने 20 वर्षों में प्रदेश को बदहाली, असुरक्षा और अपमान के गर्त में धकेल दिया है। सत्ता के नशे में चूर पंचायत विकास मंत्री प्रहलाद पटेल के द्वारा यह कहना, कि एक फूलमाला लेकर साथ में मांग का आवेदन लेकर भिखारी की तरह आ जाते हैं, यह उनके अहंकार को दर्शाता है। यह सीधे-सीधे जनता का अपमान है। प्रजातंत्र में इस तरह की भाषा और व्यवहार का कोई स्थान नहीं है।

इसी के साथ श्री चौरसिया ने कहा, कि 6 तारीख को 12 बजे शहर जिला कांग्रेस ब्लॉक कांग्रेस के संयुक्त तत्वाधान में मंत्री प्रहलाद पटेल का पुतला जलाया जाएगा। 8 मार्च को जिला मुख्यालय पर धरना देकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंप कर मंत्री से इस्तीफा की मांग की जाएगी। 10 मार्च को प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, उमंग सिंगार, हेमंत कटारे, प्रदेश किसान कांग्रेस अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान की मौजूदगी में किसान कांग्रेस द्वारा प्रदेश स्तरीय प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। 11 से 15 मार्च तक कांग्रेस के मोर्चा संगठन विभागों के अध्यक्षों द्वारा मध्य प्रदेश शासन के विभागीय मंत्रियों से विभाग संबंधी मांगों को लेकर ज्ञापन दिया जाएगा।

पत्रकार वार्ता में प्रमुख रूप से शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी, अशोक पटेल शौकत हुसैन, भगवान सिंह, चावड़ा, सुधीर शर्मा, चंद्रपालसिंह सोलंकी, प्रमोद सुमन, इम्तियाज शेख़ भल्लू, राहुल पवार, पंकज वर्मा, दिग्विजयसिंह झाला उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button