आवश्यकता विहीन भूमि अधिग्रहण के विरोध में भारतीय किसान संघ देगा ज्ञापन

देवास। भारतीय किसान संघ मालवा प्रांत द्वारा किसानों की भूमि अधिग्रहण से जुड़ी समस्याओं को लेकर आगामी 17 फरवरी, सोमवार को सभी तहसील मुख्यालयों पर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
इस संबंध में मालवा प्रांत की बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी तहसील अध्यक्ष और मंत्री अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय कार्यकर्ताओं और ग्राम समितियों से चर्चा कर इस अभियान को सफल बनाएंगे। तहसील इकाईयों के माध्यम से तहसीलदार को यह ज्ञापन सौंपा जाएगा।
अनावश्यक भूमि अधिग्रहण का विरोध-
भारतीय किसान संघ का कहना है कि बिना किसी ठोस जरूरत के हो रहे भूमि अधिग्रहण से किसान परेशान हो रहे हैं। किसान संघ ने इसे “आवश्यकता विहीन अनियंत्रित भूमि अधिग्रहण” करार देते हुए कहा कि यह किसानों के हितों के खिलाफ है।
प्रांत कार्यालय को भेजनी होगी प्रति-
भारतीय किसान संघ ने सभी तहसील इकाइयों को यह निर्देश दिए हैं कि ज्ञापन की एक प्रति प्रांत कार्यालय को भेजी जाए, ताकि आंदोलन की प्रभावशीलता सुनिश्चित की जा सके।
संघ के प्रांत महामंत्री रमेश दांगी ने सभी तहसील अध्यक्षों और मंत्रियों से आह्वान किया कि वे अपने क्षेत्रों में इस मुद्दे पर किसानों को जागरूक करें और अधिक से अधिक संख्या में ज्ञापन सौंपने के लिए उपस्थित रहें।
जिला मंत्री शेखर पटेल ने बताया, कि सोमवार को दोपहर 1 बजे तहसीलदार को ज्ञापन देने के लिए किसान बाइक रैली के रूप में देवास आएंगे। हमारी मांग को नहीं माना जाता है तो आगामी दिनों में बड़ा आंदोलन करेंगे। भूमि ग्रहण की प्रक्रिया अधिनियम 2013 के मूल स्वरूप अनुसार ही की जाएं। विगत 12 वर्षों से जमीन की गाइड लाइन नहीं बढ़ाई गई है, अतः प्रतिवर्ष 20 प्रतिशत के हिसाब से गाइड लाइन बधाई जाए।
(समाचार अपडेट के लिए जुड़े रहें।)




