राजनीति

हम भाजपा के कार्यकर्ता सनातन संस्कृति और राष्ट्र के लिए काम करने वाले लोग हैं

– मैं निश्चित तौर पर सनातनी हूं, मेरे धर्म का पालन करता हूं, साथ ही अन्य धर्मों को भी सम्मान देता हूं
– कांग्रेस पूरे देश में किसी भी तरह से चुनौती नहीं, वह भाजपा और नरेंद्र मोदीजी से भयभीत है
– नरेंद्र मोदीजी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे, लेकिन उनके लिए चुनाव भारत की जनता लड़ेंगी
– सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी ने विशेष चर्चा में बेबाकी से दिए सवालों के जवाब

देवास। देवास-शाजापुर लोकसभा से भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी पर भरोसा जताया है। उनके प्रत्याशी की घोषणा होते ही सिविल लाइंस स्थित बंगले पर समर्थकों ने आतिशबाजी कर उत्साह व्यक्त किया। देररात तक उन्हें बधाई देने वाले बंगले पर आते रहे। रविवार को भी दिनभर स्वागत का दौर चलता रहा। सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी ने विशेष चर्चा में लगभग सभी मुद्दों पर अपनी बात बेबाकी से रखी। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पूरे देश में किसी भी तरह की चुनौती नहीं है। इस बार देश की जनता स्वयं नरेंद्र मोदीजी के लिए चुनाव लड़ रही है। देवास-शाजापुर लोकसभा में 6 लाख से अधिक मतों से जीत का दावा भी किया।

राम मंदिर के प्रश्न पर सांसद श्री सोलंकी ने कहा राम मंदिर भारतीय जनता पार्टी के लिए कभी राजनीतिक मुद्दा नहीं रहा है। राम हमारे लिए आस्था के केंद्र हैं। राम हमारे आराध्य हैं। राम हमारे आदर्श हैं। राम मंदिर का निर्माण हमारे देश के सनातन हिंदू धर्म की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए नरेंद्र मोदीजी ने करवाया है। 500 साल से सनातनी हिंदू इस बात के लिए तड़प रहा था, कि उनके रामलला कब भव्य मंदिर में विराजमान होंगे। कई लड़ाइयां लड़ी गई। डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों का बलिदान हुआ। सिविल कोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक मुकदमा लड़ा गया और जब हम सुप्रीम कोर्ट से जीते, तब सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट बनाया। मुझे भी उस ट्रस्ट के बनने में वोट देने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। उस ट्रस्ट के निर्माण के बाद अयोध्या में रामलला का भव्य मंदिर बना। रामलला के विराजमान होने के बाद देश का सनातनी हिंदू और भारतीय संस्कृति में विश्वास रखने वाला प्रत्येक व्यक्ति इस बात को समझ गया है, कि जनभावना के अनुसार कोई व्यक्ति काम करते हैं तो वे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी है। इसलिए नरेंद्र मोदीजी का आगामी चुनाव देश की जनता ने अपने हाथ में ले लिया है। नरेंद्र मोदीजी देश के प्रधानमंत्री बनेंगे, लेकिन उनके लिए चुनाव भारत की जनता लड़ेंगी।

मैं निश्चित तौर पर सनातनी हूं-
हिंदूवादी नेता के रूप में छवि के प्रश्न पर उन्होंने कहा मैं निश्चित तौर पर सनातनी हूं, हिंदू धर्म का अनुयायी हूं और मेरे धर्म का पालन करना मेरा संवैधानिक अधिकार भी है। मैं मेरे धर्म का पालन करता हूं, साथ ही अन्य धर्मों काे भी सम्मान देता हूं।

हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है देश-
गुटबाजी के प्रश्न पर सांसद श्री सोलंकी का कहना है हम सब भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता राष्ट्र के लिए काम करने वाले लोग हैं। सनातन धर्म के लिए काम करने वाले लोग हैं। सनातन संस्कृति के लिए काम करने वाले लोग हैं। हम सब भारतीय जनता पार्टी के बैनर तले इस राष्ट्र के कार्य में लगे हैं। हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है देश। भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता कमल के निशान के साथ खड़ा है। अगर कमल के निशान के साथ मुझे उम्मीदवार बनाया गया है, तो पूरी भारतीय जनता पार्टी मेरे साथ खड़ी है। अगर किसी और व्यक्ति को भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार बनाती तो मेरे सहित सभी कार्यकर्ता उसके साथ खड़े होते।

कांग्रेस की ऐतिहासिक हार होने वाली है-
सांसद श्री सोलंकी कांग्रेस को किसी भी तरह की चुनौती नहीं मानते। उनका कहना है भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है। कांग्रेस की तैयारी नहीं है। सब आपस में एक-दूसरे को चुनाव लड़ाने में जुटे हैं, क्योंकि उन्हें मालूम है कि भविष्य में कांग्रेस की ऐतिहासिक हार होने वाली है। कांग्रेस भाजपा और नरेंद्र मोदीजी से भयभीत है। उन्हें मालूम है नरेंद्र मोदीजी ने जिस गति से भ्रष्टाचार मुक्त भारत बनाने का संकल्प लिया है, वे जिस गति से देश काे विकसित बनाने में संकल्पित हैं, देश की जनता नरेंद्र मोदीजी के साथ खड़ी है। कांग्रेस जमीन पर पूरी तरह से खत्म होने की कगार पर है।
सांसद श्री सोलंकी का मानना है देवास में कांग्रेस कहीं भी चुनौती नहीं है, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश में, पूरे देश में कांग्रेस कहीं चुनौती नहीं है। पिछली बार कांग्रेस मप्र में एक सीट जीत गई थी, इस बार मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी 29 में से 29 सीट जीतेगी।

नकारात्मक ताकतों से जनता स्वयं लड़ेगी-
सांसद श्री सोलंकी का कहना है मोदीजी एक दिव्य पुरुष हैं। आने वाले समय में आप देखेंगे एनडीए 400 के पार जाएगा। देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिर से तीसरी बार मौका देगा। इस देश को नरेद्र मोदीजी की आवश्यकता है। यह चुनाव दो ताकतों के बीच होने वाला है। जनता की ताकत और इस देश को तोड़ने के लिए देश में सक्रिय नकारात्मक ताकत। इन नकारात्मक ताकतों से स्वयं जनता चुनाव लड़ेगी और नरेंद्र मोदीजी को फिर से प्रधानमंत्री के रूप में सुशोभित करेंगी।

उद्योगों के लिए विशेष प्रयास-
देवास में उद्योगों को लेकर सांसद श्री सोलंकी का कहना है कोई भी काल रहा हो बेरोजगारी एक विषय रहा है। हमारे यहां के औद्योगिक क्षेत्र में उद्योग की यूनिटस नहीं आ रही थी, इस संबंध में अध्ययन किया गया। उन कारणों को जिससे उद्योग नहीं आ रहे थे, उन्हें समाप्त किया है। हाल ही में टीएससी कंपनी की यूनिट सरसौदा में आई है। इसमें 1850 करोड़ रुपए का निवेश हुआ है। इससे लगभग 1500 लोगों को रोजगार प्राप्त होगा। मैं उद्योगपतियों के संपर्क में हूं। आने वाले समय में देवास का औद्योगिक क्षेत्र समृद्ध होगा, जिससे रोजगार भी प्राप्त होगा।

पांच वर्षों में 25 हजार करोड़ रुपए से अधिक के कार्य-
पिछले पांच वर्षों में देवास-शाजापुर लोकसभा में विकास कार्यों को लेकर सांसद श्री सोलंकी का कहना है। पिछले पांच वर्ष में 6 हजार किमी सड़कों का निर्माण अलग-अलग विभागों से करवाया गया। अमृत भरत योजना के तहत देवास, शाजापुर, मक्सी, बेरछा, अकोदिया, शुजालपुर स्टेशन का विकास हुआ है। सिंचाई की परियोजनाएं लाई गई। तालाबों का निर्माण, विद्यालयों-महाविद्यालयों का निर्माण हुआ है। इन सभी को मिला लिया जाए तो यह आकड़ा 25 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा हो जाता है।

जिसे योजना का लाभ नहीं मिला, वह मेरे पास आएं-
केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के सवाल पर सांसद श्री सोलंकी का कहना है नरेंद्र मोदीजी की योजनाएं प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंच रही है। उनका एक ही सिद्धांत है सबका साथ सबका विकास। जिन लोगों को योजनाओं का लाभ प्राप्त नहीं हो रहा है, उन्हें मेरे पास पहुंचाएं। नरेंद्र मोदीजी की एक-एक योजना का फायदा जो पात्र हैं, उन्हें मैं स्वयं दिलाऊंगा।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button