धर्म-अध्यात्म

अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में कैलादेवी मंदिर में सीताराम महायज्ञ

– शाम को सैकड़ों दीप प्रज्वलित कर मनाएंगे दीपोत्सव, मंदिर परिसर में बनाई जा रही भव्य रंगोली

– राम नाम की 2 करोड़ 71 लाख पर्चियों का पूजन होगा

देवास। अयोध्या में भगवान श्रीराम की रामलला के रूप में प्राण प्रतिष्ठा 22 जनवरी को होगी। इस उपलक्ष्य में मां कैलादेवी मंदिर में भी तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान 20 जनवरी से प्रारंभ हो रहे हैं। मंदिर में भगवान श्रीराम की भव्य रंगोली तैयार की जा रही है। मंदिर परिसर पर आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है। इस अवसर पर सीताराम महायज्ञ भी होगा।

कैलादेवी मंदिर में पिछले एक वर्ष से राम नाम की पर्चियां भक्तों को वितरित की जा रही थी। प्रत्येक पर्ची में 108 बार राम नाम भक्तों ने लिखे हैं। इस प्रकार अब तक 2 करोड़ 71 लाख पर्चियां लिखी जा चुकी है। राम नाम लिखी हुई ये पर्चियां अयोध्या में पहुंचाई जाएगी। मंदिर में इनका पूजन 20 जनवरी से प्रारंभ होगा। मंदिर समिति के मन्नूलाल गर्ग ने बताया कि भगवान श्रीराम हम सभी के आराध्य देव हैं। हमने अयोध्या में भगवान श्रीराम रामलला के रूप में शीघ्र ही विराजमान हो, इसी कामना से पर्चियां लिखवाना प्रारंभ करवाई थी। अब मंदिर में भगवान विराज रहे हैं, इसलिए ये पर्चियां भी अयोध्या में पहुंचाई जाएगी।

उन्होंने बताया, कि कैलादेवी मंदिर में 22 जनवरी को सुबह 9 बजे से सीताराम महायज्ञ प्रारंभ होगा, जो शाम 6 बजे तक चलेगा। महायज्ञ के आचार्य पं. नरेंद्र तिवारी है। मुख्य यजमान दीपक गर्ग हैं। दोपहर 12 बजे महाआरती होगी। दर्शनार्थियों को सुबह से शाम तक प्रसाद वितरण होगा। साथ ही गंगाजल भी दिया जाएगा। सुबह-शाम सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा। शाम को सैकड़ों की संख्या में दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव मनाएंगे। मंदिर परिसर में भगवान राम की भव्य रंगोली भी बनाई जा रही है।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button