राजनीति

पूर्व सीएम कैलाश जोशी के राजनैतिक सफर पर प्रकाशित होगी किताब

– स्व. जोशी के साथ बिताए अविस्मरणीय पलों एवं छायाचित्रों को पुस्तक में 15 सितंबर तक करवा सकते हैं शामिल

हाटपीपल्या (विनोद जाट)। देशभर में राजनीति के संत के रूप में विख्यात पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के जीवन पर आधारित पुस्तक का प्रकाशन शीघ्र होने वाला है। इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
स्व. जोशी के पोते एवं भाजयुमो के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जयवर्धन जोशी ने हाटपीपल्या में पत्रकारों से अनौपचारिक चर्चा में बताया, कि स्व. जोशी का लम्बा राजनैतिक सफर रहा है। उनके राजनैतिक सफर में अनेक भाजपा कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की है। भाजपा कार्यकर्ताओं के पास स्व. जोशी के साथ कार्य करने के दौरान की कई यादे हैं। स्व. जोशी के राजनैतिक सफर व भाजपा कार्यकर्ताओं के संस्मरणों को एक किताब में संजोने का कार्य प्रगति पर है। इसके लिए कार्यकर्ताओं से स्व. जोशी के साथ के संस्मरणों को आमंत्रित किया गया है। 15 सितंबर तक कार्यकर्ता स्व. जोशी के साथ बिताए गए अविस्मरणीय पलों को एवं छायाचित्रों को उक्त पुस्तक में शामिल कराने के लिए भिजवा सकते हैं।
श्री जोशी ने बताया, कि जोशी बाबा के नाम से किताब का प्रकाशन किया जाएगा तथा स्व. जोशी के हाथों से लिखी गई डायरी के हूबहू प्रकाशन की भी तैयारी चल रही है। स्व. जोशी के राजनैतिक सफर से आमजन को अवगत कराने के लिए उक्त किताब का प्रकाशन किया जा रहा है, जिसका विमोचन सितंबर माह के अंतिम सप्ताह में होने की उम्मीद जताई जा रही है।


किताब का प्रकाशन राजनीति के कैलाश, सादगी और संतत्व के साथ जीने वाले कालजयी महापुरुष और भोले-भाले आदिवासियों के “जोशी बाबा” के नाम से साधना कुंज पब्लिकेशन के माध्यम से होने जा रहा है। इस किताब को राजनैतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि स्व. जोशी ने लगातार 8 बार बागली विधानसभा क्षेत्र से जीत दर्ज कर कीर्तिमान स्थापित किया था तथा राजनीति में रहते हुए अपनी बेदाग छवि के साथ राजनैतिक सफर पूरा किया। उनकी ईमानदारी एवं निष्ठा की चर्चा आज भी क्षेत्र में होती है।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button