धर्म-अध्यात्म

श्रावण माह के पहले दिन राजाधिराज ने किया उज्जयिनी का भ्रमण

– विशाल ध्वज के साथ निकली बाबा श्री महाकाल की पालकी
उज्जैन। विशाल ध्वज के साथ भगवान महाकाल की सवारी निकाली गई। श्रावण माह के पहले दिन सोमवार को उज्जैयिनी के भ्रमण पर निकलकर भगवान श्री महाकालेश्वर ने अपनी प्रजा को दर्शन दिए और उनका हाल जाना।
सवारी के निकलने के पूर्व श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर के सभामंडप में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव, उज्जैन महापौर मुकेश टटवाल, विधायक (उत्तर) पारसचंद्र जैन, अध्यक्ष एवं कलेक्टर, श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति कुमार पुरुषोत्तम, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के महंत विनीत गिरि महाराज, नगर निगम आयुक्त रोशन सिंह आदि ने भगवान श्री महाकालेश्वर का पूजन-अर्चन किया और आरती में सम्मिलित हुए। भगवान श्री महाकाल का मंदिर के सभामंडप में विधिवत पूजन-अर्चन करने के बाद अपने निर्धारित समय पर पालकी में विराजित भगवान श्री मनमहेश नगर भ्रमण पर निकले। भगवान श्री महाकाल की पालकी के नगर भ्रमण के रवाना होने के पूर्व सर्वप्रथम भगवान श्री महाकालेश्वर का षोडशोपचार से पूजन-अर्चन किया गया। इसके पश्चारत भगवान की आरती की गई। इस अवसर पर ओम जैन अध्यक्ष मध्यप्रदेश फार्मेसी कोंसिल, प्रशासक संदीप कुमार सोनी, सीईओ स्मार्ट सिटी आशीष पाठक, समिति सदस्य पुजारी प्रदीप गुरु, राजेंद्र शर्मा गुरुजी, श्रीराम पुजारी एवं अन्य अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
सभी गणमान्यों ने पालकी को कांधा देकर नगर भ्रमण की ओर रवाना किया। भगवान श्री मनमहेश का विधिवत पूजन-अर्चन मुख्य पुजारी पं. घनश्याम शर्मा ने संपन्न कराया। पालकी जैसे ही श्री महाकालेश्वर मंदिर के मुख्य द्वार पर पहुंची, मध्यप्रदेश सशस्त्र पुलिस बल के जवानों द्वारा भगवान श्री महाकाल को सलामी (गार्ड ऑफ ऑनर) दिया। पालकी नगर भ्रमण की ओर रवाना हुई। पालकी में विराजित भगवान श्री मनमहेश के दर्शन का लाभ सवारी मार्ग के दोनों ओर हजारों श्रद्धालुओं ने लिया। सवारी मार्ग में श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल को पुष्प अर्पित कर दर्शन लाभ लिए।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button