नई दिल्ली में मांगों को लेकर एकजुट होंगे किसान

Posted by

भारतीय किसान संघ की गर्जना रैली 19 दिसंबर को

बागली। किसानों की समस्याओं के निराकरण के लिए भारतीय किसान संघ के नेतृत्व में नई दिल्ली के रामलीला मैदान में किसान गर्जना रैली का शंखनाद 19 दिसंबर को किया जा रहा है। इसमें मालवा प्रांत से हजारों की संख्या में किसान शामिल होंगे। देवास जिले से किसान ट्रेन, बस व अन्य वाहनों से दिल्ली पहुंचकर गर्जना रैली में शामिल होंगे।

पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए मालवा प्रांत अध्यक्ष रामप्रसाद सूर्या, प्रांत संगठन मंत्री अतुल माहेश्वरी, प्रांत महामंत्री रमेश दांगी, पूर्व जिला अध्यक्ष गोवर्धन पाटीदार ने बताया कि किसानों ने अपने परिश्रम के बल पर देश का भंडार भरने में कोई कमी नहीं रखी। यह भारत के किसानों का पुरूषार्थ है। खाद्यान्न, दलहन समेत अन्य उपज के लिए विदेशी आयात पर निर्भर रहने वाला भारत आज आत्मनिर्भर होकर विदेशों को निर्यात कर रहा है। कोरोना काल में भी किसानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर देश के भंडार को भरा है। देश के भंडार भरकर किसान खुद बदहाल है। अतिवृष्टि, अनावृष्टि के संकट को झेलते हुए किसान अनाज उगाता है। जब वह अपनी उपज मंडी में लेकर पहुंचता है, तो औने-पौने दाम पर उसे बेचने के लिए विवश होता है। कड़ी मेहनत के बाद भी उसकी उपज का सही दाम नहीं मिलता।

मालवा प्रांत अध्यक्ष ने कहा कि हमारी प्रमुख मांग लागत के आधार पर सभी उपज का मूल्य मिले, सभी प्रकार के कृषि यंत्रों पर जीएसटी समाप्त हो, किसान सम्मान निधि में पर्याप्त बढ़ोतरी हो, अनुदान राशि सीधे किसानों के खाते में डाली जाएं, देश के कृषि उत्पाद को देखते हुए आयात निर्यात नीति बनाई जाएं, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सरल कर किसान हितैषी बनाई जाएं, जंगली जानवरों से फसल नुकसानी की भरपाई सरकार करें, देशी गोवंश पालक किसानों को 900 रुपए प्रतिमाह मिलें आदि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *