, , ,

नगर गौरव दिवस- भजन संध्या में ख्यात गायक उदित नारायण देंगे प्रस्तुति

Posted by

  • विशाल चुनरी यात्रा में 27 सितंबर को मुख्यमंत्री होंगे शामिल
  • अब हर साल नवरात्रि के पहले दिन मनाएंगे नगर गौरव दिवस
  • भजन संध्या एवं महाआरती 26 को, चु‍नरी यात्रा 27 को व कन्‍या भोजन 28 को

देवास। शहर में नवरात्रि के साथ ही नगर गौरव दिवस का उत्साह रहेगा। नवरात्रि में 10 लाख श्रद्धालुओं के आगमन का अनुमान है। आयोजन का मुख्य आकर्षण चुनरी यात्रा, भजन संध्या, महाआरती, कन्या भोज रहेगा। भजन संध्या में ख्यात गायक उदित नारायण प्रस्तुति देंगे। घर-घर दीप प्रज्वलित होंगे। प्रतिदिन अलग-अलग खेल गतिविधियां भी होगी। यह आयोजन पहली बार हो रहा है, लेकिन अब प्रत्येक नवरात्रि के पहले दिन नगर गौरव दिवस मनाया जाएगा।

कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला ने 26 से 28 सितंबर तक मनाए जाने वाले गौरव दिवस के संबंध में पत्रकारों के साथ बैठक कर आयोजन के संबंध में सुझाव मांगे। कलेक्‍टर ने कहा कि 26 सितंबर से नवरात्रि शुरू हो रही है, देवास में नवरात्रि का अलग महत्व होता है। देवास में इंदौर, उज्‍जैन और भोपाल सहित प्रदेश के अन्‍य जिलों से नागरिक माताजी के दर्शन के लिए आते हैं। इस बार देवास में नवरात्रि पर 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के दर्शन करने आने की संभावना है। उन्‍होंने कहा कि देवास में 26 से 28 सितंबर तक गौरव दिवस समारोहपूर्वक मनाया जाएगा। नगर गौरव दिवस पर महाआरती, भजन संध्‍या, दीपोत्‍सव, चुनरी यात्रा, कन्या पूजन/कन्या भोजन, रंगारंग खेल उत्सव का आयोजन होगा। नवरात्रि के पहले दिन हर साल गौरव दिवस मनाया जाएगा।

कलेक्‍टर ने कहा कि देवास नगर गौरव दिवस में 26 सितंबर को पुलिस परेड ग्राउंड पर महाआरती, आतिशबाजी एवं भजन संध्‍या होगी। भजन संध्‍या में ख्यात गायक उदित नारायण आएंगे। शहर में दीपोत्सव मनाया जाएगा। इसमें प्रत्‍येक घर में पांच दीपक जलाए जाएंगे।

कलेक्‍टर श्री शुक्‍ला ने कहा कि विकासनगर स्‍टेडियम से माता टेकरी शंखद्वार तक 27 सितंबर को चुनरी यात्रा निकाली जाएगी। चुनरी यात्रा में मुख्‍यमंत्री शिवराजसिंह चौहान सहित 50 हजार से अधिक शहरवासी शामिल होंगे। सभी महिलाएं लाल रंग की वेशभूषा में रहेंगी। दोनों माताओं के लिए अलग-अलग चुनरी रहेगी। चार की लाइन में दो चुनरी निकलेगी। महिलाएं कलश लेकर निकलेंगी।

कलेक्‍टर ने कहा कि चुनरी यात्रा में विभिन्‍न संगठन शामिल होंगे। शहर के विभिन्‍न संगठनों के साथ बैठक भी आयोजित की गई है। सभी सामाजिक संगठन चुनरी यात्रा का स्‍वागत करेंगे। सामाजिक संगठनों द्वारा जगह-जगह प्रसाद वितरण किया जाएगा।

कलेक्‍टर ने कहा कि 28 सितंबर को पुलिस परेड ग्राउंड पर कन्या पूजन होगा। इसमें 5100 कन्याओं का भोजन होगा, कन्‍या भोज की व्‍यवस्‍था मंदिर समिति करेगी। कलेक्‍टर ने कहा कि माताजी मंदिर पर पुस्तक बनाई जा रही है। मंदिर के इतिहास और महत्व के संबंध में लेख, मंदिर का पुराना फाेटो हो तो आप दे सकते हैं। कलेक्‍टर ने कहा कि नवरात्रि में 9 दिनों तक अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित होंगे। स्पोर्ट्स एक्टिविटि होगी, शहर का गौरव बढ़ाने वालों का सम्मान होगा। बैठक में कलेक्‍टर शुक्‍ला ने गौरव दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस दौरान पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह, नगर निगम आयुक्‍त विशालसिंह चौहान एवं पत्रकार उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *