,

अपने विद्यार्थियों को राष्ट्र के प्रति सजग बनाने में शिक्षक का योगदान महत्वपूर्ण- जैन

Posted by

– यूनियन बैंक ऑफ इंडिया व संस्था महात्मा मप्र ने संयुक्त रूप से शिक्षक-शिक्षिकाओं का किया सम्मान

देवास। शिक्षक ही राष्ट्र का निर्माता होता है। एक शिक्षक अपने छात्र-छात्राओं को राष्ट्र के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देता है। गुरु ही वह है, जो अपने विद्यार्थियों को सफल बनाने के लिए अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बच्चों को पढ़ाने-लिखाने में समर्पित कर देता है। ऐसे शिक्षकों को बारंबार प्रणाम है।
यह विचार संस्था महात्मा एवं यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा शिक्षक दिवस पर आयोजित सम्मान समारोह में संस्था की देवास इकाई के प्रमुख विजय जैन ने व्यक्त किए। संस्था महात्मा मध्यप्रदेश की संस्थापक सचिव वर्षासिंह नेगी ने अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षिकाएं अपने परिवार के पालन-पोषण के साथ-साथ अपने विद्यालय में आने वाले विद्यार्थियों के जीवन का सुदृढ़ीकरण करने का महत्वपूर्ण कार्य करती हैं। भारत देश के सर्वांगीण विकास एवं विश्व शक्ति बनने में महिलाओं का विशेष योगदान रहा है। इसमें शिक्षिकाओं ने अपनी जवाबदारी का बखूबी निर्वहन करते हुए अपने विद्यार्थियों को सफलता के उच्चतम पायदान पर पहुंचाने का कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि भारत देश की बेटियां कल्पना चावला की तरह अंतरिक्ष में भारतीय तिरंगा लहराने में सफल हो सकी है तो कभी भारत की बेटी शिक्षिका बनकर भारत देश के भविष्य को संवारने का कार्य करती है और देश की राष्ट्रपति बनकर महामहिम कहलाती हैं। भारत देश की वर्तमान राष्ट्रपति एक ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकली इस देश की गौरव बनकर शिक्षिकाओं को गौरवान्वित कर रही है।


इस दौरान शासकीय नारायण विद्या मंदिर उमावि क्रमांक-1, शासकीय माध्यमिक विद्यालय सिंधी स्कूल क्रमांक- 4 बड़ा बाजार व ग्राम राजोदा स्थित शासकीय माध्यमिक विद्यालय में शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के मुख्य शाखा प्रबंधक जयेश जैन उपस्थित थे। विशेष अतिथि के रूप में संस्था महात्मा मध्यप्रदेश के संस्थापक सहज सरकार एवं संस्थापक सचिव वर्षासिंह नेगी, अतिथि के रूप में यूनियन बैंक रामनगर शाखा प्रबंधक श्री चौधरी, कृषि उपज मंडी शाखा प्रबंधक श्री मौर्य की उपस्थित थे। कार्यक्रम के शुभारंभ में अतिथियों ने प्रथम महामहिम राष्ट्रपति शिक्षाविद सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण किया। विद्यालय में पदस्थ प्राचार्य मीना खत्री, राजोदा विद्यालय के प्राचार्य निशा शुक्ला ने सभी अतिथियों का चंदन तिलक लगाकर एवं पुष्पमाला से स्वागत किया। स्वागत उपरांत यूनियन बैंक मुख्य शाखा प्रबंधक जैन ने संबोधित करते हुए बैंक की गुरु प्रणाम योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

इन शिक्षक-शिक्षिकाओं का किया सम्मान-
इसके पश्चात नारायण विद्या मंदिर क्रमांक एक के प्राचार्य कैलाश गुप्ता, अनुज जायसवाल, अनिस शेख, हबीब शेख, राधेश्याम सोलंकी, वसीम हाशमी, एमएल पटेल, सिंधी स्कूल क्रमांक 4 से माधुरी जगताप, माया पाठक, बिंदु तिवारी, अंजलि फराह कुरैशी, दिनेशकुमार यादव, किरण पुंडलिक, परवीन शेख एवं विद्यालय प्राचार्य मीना खत्री, राजोदा माध्यमिक विद्यालय के शिक्षक जितेंद्र ठाकुर, रेखा सोनी, अरुणा शुक्ला, मेघा चावरेकर, सुगन कटारा, प्रमोद शर्मा, अभिलाषा तिवारी, प्राचार्य निशा शुक्ला का चंदन तिलक लगाकर पुष्पमाला एवं उत्कृष्ट सेवा सम्मान पत्र, स्मृति चिन्ह के साथ सम्मान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *