रात में कार से गोंद का कर रहे थे परिवहन

Posted by

– वन विभाग ने 350 किलो धावड़ा गोंद जब्त किया
– प्रयोगशाला में करवाएंगे जब्त गोंद में केमिकल की जांच

कन्नौद (आशिक माचिया)। वन मंडल अधिकारी प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन एवं उपवन मंडल अधिकारी एसएल यादव, वन परिक्षेत्र अधिकारी रितु चौधरी के निर्देशन में 29 मार्च को रात्रि गश्ती के दौरान अवैध रूप से धावड़ा गोंद परिवहन करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

वन विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार वन परिक्षेत्र अंतर्गत लगातार अवैध रूप से वन उपज का परिवहन एवं व्यापार करने वालों पर सतत रूप से कार्रवाई की जा रही है। इसी के अंतर्गत शुक्रवार रात को गश्ती के दौरान मारुति सुजुकी ईको वाहन क्रमांक एमपी 09 डब्ल्यूएन 1158 से अवैध रूप से धावड़ा गोंद परिवहन करते हुए रोका गया। चेकिंग में चैतन्य पिता देवीलाल निवासी कन्नौद एवं राजेश पिता अखिलेश निवासी ग्राम खारपा को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से लगभग 350 किलोग्राम धावड़ा गोंद मय वाहन के जब्त किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने 3 अन्य लोगों का भी इस अपराध में शामिल होना बताया।

ज्ञात, हो गत वर्ष वन मंडल अधिकारी द्वारा जिले में रसायन लगाकर गोंद संग्रह करने पर धावड़ा गोंद का संग्रहण एवं व्यापार पूर्ण रूप से प्रतिबंधित किया गया है। गोंद में रसायन की जांच हेतु गोंद के सैंपल जैव विविधता बोर्ड भोपाल एवं अन्य प्रयोगशाला में भेजा जा रहा है। प्रकरण की जांच-पड़ताल की जा रही है। शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है। कार्रवाई में प्रभारी वन क्षेत्रपाल मेहताबसिंह उईके, कार्यवाहक वनपाल मुकेश तिवारी, वनरक्षक रामनिवास राठौर, सचिन भमोरिया एवं शोभाराम सेल्टिया सम्मिलित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *