संसद में विपक्ष ने लगाई प्रश्नों की झड़ी, तो सत्तापक्ष ने दिए तथ्यात्मक जवाब

Posted by

– स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों की चर्चा हुई
देवास। नेहरू युवा केंद्र द्वारा महारानी पुष्पलता राजे पवार महाविद्यालय सभागार में आस-पड़ोस युवा संसद का आयोजन किया गया।

युवा संसद में स्थानीय से लगाकर राष्ट्रीय स्तर तक के मुद्दों पर खुलकर चर्चा हुई। विपक्ष की भूमिका निभा रहे सदस्यों ने जहां प्रश्नों की झड़ी लगा दी, वहीं सत्तापक्ष की भूमिका निभा रहे युवाओं की ओर से भी तथ्यात्मक जवाब प्रस्तुत किए गए।
युवा संसद का आयोजन सार्वजनिक-सामुदायिक जीवन में महिला प्रतिभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया था। युवा संसद में 50 युवाओं ने पक्ष एवं विपक्ष की भूमिका निभाई। युवा संसद के दौरान दर्शक दीर्घा खचाखच भरी हुई थी।

आस-पड़ोस युवा संसद के प्रतिभागियों को प्रेषित अपने शुभकामना संदेश में सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी ने कहा कि लोकतांत्रिक प्रणाली के माध्यम से युवा राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में कैसे अपना योगदान दे सकते हैं, यह युवा संसद जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सीखा जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य की पूर्ति में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मैं आशा करता हूं, कि प्रधानमंत्री द्वारा प्रतिपादित “पंच प्रणों” का पालन करते हुए युवा इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए अपना तन-मन-धन भारत माता को अवश्य अर्पित करेंगे।

प्रारंभ में अतिथियों ने मां सरस्वती एवं युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद की मूर्ति पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। नेहरू युवा केंद्र संगठन के उपनिदेशक अरविंद श्रीधर ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। माय भारत पोर्टल के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी और युवाओं से अपील की कि वह माय भारत पोर्टल पर अपना पंजीयन अवश्य कराएं। इस अवसर पर के स्वयं सेवक यश दुबे ने पोर्टल पर पंजीयन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। सभागार में उपस्थित युवाओं का माय भारत पोर्टल पर पंजीयन कराया। युवा संसद आयोजित करने में बलराम परमार एवं डॉ. वर्षा जैसवाल ने प्रशिक्षक की भूमिका निभाई।

युवा संसद कार्यक्रम को क्षेत्रीय संचार ब्यूरो इंदौर के दिलीपसिंह परमार, प्राचार्य डॉ. भरतसिंह गोयल, जन भागीदारी समिति की अध्यक्ष मनोरमा सोलंकी ने भी संबोधित किया। छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता की शपथ ली। कार्यक्रम का संचालन नेहरू युवा केंद्र देवास के कार्यक्रम पर्यवेक्षक अनिल जैन ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *