मां चामुंडा मां तुलजा भक्त मंडल के 350 से अधिक सदस्य बृज यात्रा पर रवाना

Posted by

– दो दिवसीय यात्रा में बैंड-बाजे एवं भजन-कीर्तन के साथ भक्त करेंगे गिरिराज जी की परिक्रमा

– एक बार जो गिरिराज जी जाता है, उनका होकर रह जाता है- दुर्गेश अग्रवाल

देवास। मां चामुंडा मां तुलजा भक्त मंडल के 350 से अधिक सदस्य शुक्रवार को बृज यात्रा एवं गिरिराज जी की परिक्रमा के लिए निकले। इस दो दिवसीय धार्मिक यात्रा में परिक्रमा के साथ ही मुखारविंद पर आकर्षक फूल बंगला सजेगा। छप्पन भोग एवं संगीतमयी महाआरती होगी। वानर सेना एवं गोमाता के लिए अन्नकूट होगा। देवास के रेलवे स्टेशन पर सदस्यों में बृज यात्रा का उत्साह नजर आया। सामाजिक एवं राजनीतिक संगठन की ओर से सदस्यों का पुष्पहार से स्वागत किया गया।

मां चामुंडा मां तुलजा भक्त मंडल की धार्मिक यात्रा को 10 वर्ष हो चुके हैं। भक्त मंडल के सदस्य हर महीने ही गिरिराज जी की परिक्रमा के लिए जाते हैं। वर्ष में एक बार जनवरी माह में सामूहिक यात्रा होती है। भक्त मंडल ने सामूहिक यात्रा के लिए प्रत्येक सदस्य को परिचय पत्र जारी किए हैं। सदस्यों के नाश्ते, भोजन एवं ठहरने की व्यवस्था भक्त मंडल ने की है। यात्रा के दौरान 6 जनवरी को सुबह 9.30 से दोपहर 12 बजे तक गोविंद कुंड स्थित मुखारविंद पर आकर्षक फूल बंगला सजाया जाएगा। सदस्य यहां पर पंचामृत अभिषेक एवं बाबा का पूजन करेंगे। बाबा को छप्पन भोग लगाएंगे। संगीतमयी महाआरती करेंगे। गोविंद कुंड में ही वानर सेना एवं गोमाता के लिए अन्नकूट की व्यवस्था भी भक्त मंडल ने की है। दोपहर 2.45 बजे राधारानी की नगरी बरसाना के लिए प्रस्थान करेंगे। शाम 4.30 बजे बरसाना से वृंदावन के लिए प्रस्थान करेंगे। शाम 7.45 बजे वृंदावन से गोवर्धन भवन के लिए प्रस्थान होगा। रात्रि विश्राम के बाद 7 जनवरी को सुबह 8.45 बजे बाबा की आरती के साथ गिरिराज जी की परिक्रमा शुरू होगी। परिक्रमा में पुरुष वर्ग श्वेत वस्त्र, पगड़ी, दुपट्टा व लाल जैकेट एवं महिलाएं लाल साड़ी, दुपट्टा व पगड़ी धारण कर शामिल होंगी। सभी सदस्य भजन-कीर्तन करते हुए नंगे पैर परिक्रमा करेंगे। परिक्रमा में डीजे, बैंड-बाजे के साथ राधाकृष्ण रथ पर विराजित होंगे। शाम करीब 4.30 बजे परिक्रमा का समापन होगा। भक्त मंडल के सदस्यों का देवास आगमन 8 जनवरी को सुबह 9 बजे होगा। यात्रा में प्रमुख रूप से भक्त मंडल के दुर्गेश अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव खंडेलवाल, गणेश पटेल, धर्मेंद्रसिंह बैस, विपुल अग्रवाल, मुकुल अग्रवाल, राज वर्मा, कैलाश दशोरे, मोहनदास बैरागी, संजय शर्मा सहित बड़ी संख्या में सदस्य शामिल हैं।

10-12 वर्ष पूर्व की थी शुरुआत-

मां चामुंडा मां तुलजा भक्त मंडल के दुर्गेश अग्रवाल ने बताया 10-12 वर्ष पूर्व मैंने स्वयं गिरिराज जी जाना शुरू किया था। मेरे साथ हर यात्रा पर मित्र जुड़ते गए। हर महीने हम 15-20 लोग तो जाते ही है। यह एक पारिवारिक यात्रा है। एक-दूसरे से जुड़ते हुए भक्त मंडल का परिवार 500 तक पहुंच गया है। गिरिराज जी की कृपा इतनी अधिक है, कि एक बार जो वहां चला जाता है, उन्हीं का होकर रह जाता है। सच्चे मन से उनसे जो मांगा जाता है, वह भगवान गिरिराज जी उसे अवश्य ही पूरा करते हैं।

पारिवारिक वातावरण में होती है यात्रा-

भक्त मंडल के गणेश पटेल ने बताया मैं पिछले छह-सात साल से गिरिराजजी की परिक्रमा के लिए जा रहा हूंं। यात्रा का माहौल पूरी तरह से पारिवारिक है। जब सामूहिक यात्रा होती है तो इसका अनुभव शब्दों में नहीं बता सकते। यात्रा में देवास शहर की खुशहाली के लिए मंगल कामना करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *