कृषि मंडी के ऑफिस में कर्मचारियों ने बनाई रोटी, सचिव ने भी दिया साथ

Posted by

  • आश्चर्य में पड़े कामकाज के लिए आए व्यापारी एवं किसान

देवास। कृषि उपज मंडी में आज कर्मचारी और अधिकारी चकला-बेलन से रोटी बनाते हुए नजर आए। सुबह जब कर्मचारी ऑफिस आए तो उनके साथ चकला-बेलन भी था। ऑफिस में आते ही टेबल पर चकला-बेलन रखा और रोटी बनाने में जुट गए। कर्मचारियों को रोटी बनाते हुए देख सचिव आरके साकेत भी उनका हाथ बटाने में सहयोग करने लगे। इन्हें रोटी बनाते हुए देख मंडी में कामकाज के लिए आए व्यापारी-किसान आश्चर्य में पड़ गए।

दरअसल, मंडी बोर्ड की स्थापना के 50 वर्ष पूर्ण होने पर स्वर्ण जयंती महोत्सव के अवसर पर बुधवार को गोल-गोल रोटी बनाने की स्पर्धा करवाई गई। इसमें कर्मचारियों ने विभागीय कार्यों के साथ-साथ गृहकार्य में भी दक्षता सिद्ध की। गोल रोटी बनाने में पूर्ण रूप से पारंगत गजराजसिंह तोमर ने प्रथम स्थान हासिल किया। दूसरे स्थान पर विक्रम डाबर और तीसरे स्थान पर नीलेश मेवाड़ा रहे। इन्हें पुरस्कार भी दिए गए। रोटी बनाने के दौरान साथी कर्मचारियों ने उत्साहवर्धन किया और गोली रोटी बनाने पर खूब तारीफ की। रोटी बनाने के बाद नींबू रेस, चेयर रेस, सिक्के उठाओ जैसी प्रतियोगिताएं हुईं। प्रतियोगिता में कर्मचारियों ने जबरदस्त उत्साह दिखाया। स्थापना दिवस के अंतर्गत 3 अगस्त को सुबह 11.30 बजे से पौधारोपण सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रतियोगिता के विजेता-

महिला कर्मचारियों की नींबू रेस में प्रथम प्रतिभा पोरवाल, द्वितीय संगीता चौहान व तृतीय सुजाता शिरोमणि रहीं।

पुरुष वर्ग में गजराज तोमर प्रथम व रमेश कलेश द्वितीय रहे। चेयर रेस में प्रथम नुपुर सिंह व द्वितीय मनोज निराला रहे।

टंग ट्विस्टर में प्रथम तारिका यादव व द्वितीय नुपुर सिंह रहीं। सिक्के उठाओ प्रतियोगिता में सुजाता शिरोमणि विजेता रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *