धर्म-अध्यात्मशिक्षा

सतपुड़ा एकेडमी में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ कन्या पूजन, गरबों पर झूमे विद्यार्थी

देवी स्वरूपा कन्याओं की महाआरती कर लिया आशीर्वाद, फरियाली महाप्रसाद का वितरण; शस्त्र पूजन के साथ लिया राष्ट्र रक्षा का संकल्प

Share

 

देवास। सतपुड़ा एकेडमी में नवरात्रि पर्व पर भक्ति, परंपरा और संस्कारों का अनूठा संगम देखने को मिला। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच देवी स्वरूपा कन्याओं का पूजन कर महाआरती की गई, वहीं माता रानी के भजनों पर विद्यार्थियों ने गरबों की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उत्सवी माहौल को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम में कन्या पूजन के साथ शस्त्र पूजन कर राष्ट्र रक्षा का संकल्प भी लिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा माता रानी की प्रतिमा एवं अखंड ज्योत के विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इस अवसर पर टोंकखुर्द तहसील की एसडीएम ऋतु चौरसिया, वैभव विहार शिक्षा समिति के अध्यक्ष एवं भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव, जिला पंचायत अध्यक्ष लीला अटारिया, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मनोरमा सोलंकी, भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य मोनिका शर्मा तथा भाजपा नेता भेरूलाल अटारिया उपस्थित रहे।

पंडित सचिन अवस्थी के आचार्यत्व में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अतिथियों ने छोटी कन्याओं के चरण पखारे, तिलक लगाकर पुष्पमालाएं पहनाईं और चुनरी ओढ़ाकर श्रीफल एवं दक्षिणा भेंट की। इसके बाद माता रानी और कन्याओं की महाआरती कर आशीर्वाद लिया गया। विद्यालय परिसर को तोरण एवं रंगोली से सजाया गया था, वहीं माता की वेशभूषा में सजी कन्याएं विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।

भजनों पर गरबों की प्रस्तुति, भक्तिमय हुआ परिसर

सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने ‘पंखिड़ा ओ पंखिड़ा’, ‘ढोली तारो ढोल बाजे’, ‘छन-छन बाजे पांव पैजनिया’ और ‘जोगिरा थारा’ जैसे गीतों पर गरबों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और विद्यालय स्टाफ का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को फरियाली खिचड़ी की महाप्रसादी वितरित की गई।

कन्या पूजन के साथ उनकी रक्षा का संकल्प

मुख्य अतिथि एसडीएम ऋतु चौरसिया ने विद्यार्थियों को नवरात्रि पर्व का महत्व बताते हुए विद्यालय के अनुशासन और संस्कारों की प्रशंसा की। उन्होंने बच्चों को मां की आराधना से प्रेरणा लेकर अपने जीवन के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का संदेश दिया तथा सभी को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।

वैभव विहार शिक्षा समिति के अध्यक्ष एवं भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सेंधव ने कहा कि नवरात्रि में देवी शक्ति स्वरूपा कन्याओं का पूजन करने का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कन्याओं की रक्षा का संकल्प भी दिलाया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने शस्त्र पूजन कर राष्ट्र रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

संस्था संचालक भानूप्रताप सिंह सेंधव, प्राचार्य वीएस जॉब, उपप्राचार्य रश्मि रघुवंशी, इंचार्ज पलवी भटनागर एवं शीतल शर्मा ने अतिथियों का चुनरी ओढ़ाकर, पुष्पमाला, श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। अतिथि परिचय दिनेश सांखला ने दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी, विद्यालय स्टाफ और अभिभावक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को नवरात्रि और दशहरे की शुभकामनाएं दीं।

Back to top button