पुलिस ने मवेशी चोरी करने वाले गिरोह का किया खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार
मवेशियों को चोरी कर पिकअप वाहन से बड़वानी ले जाकर हाट बाजारों में बेचते थे आरोपी

देवास। जिले में मवेशी चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में मवेशियों को पिकअप वाहन से दूसरे जिले में ले जाकर हाट बाजारों में बेचने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में 4.40 लाख रुपये कीमत का माल जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद द्वारा जिले में चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने हेतु समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है।
इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बागली संजयसिंह बैस के निर्देशन में थाना प्रभारी कमलापुर उप निरीक्षक सर्जनसिंह मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा मवेशी चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा कर 3 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।
पुलिस के अनुसार 13 अक्टूबर को फरियादी गणपत पिता किशनलाल जाट निवासी ग्राम करौंदिया ने थाना कमलापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात्रि लगभग 11 बजे अज्ञात बदमाश उसके खेत से एक बछड़ा चोरी कर ले गए हैं। टीम गठित कर आरोपियों की तलाश प्रारंभ की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के गांवों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्ध व्यक्तियों की जानकारी एकत्रित की। प्राप्त साक्ष्यों एवं सूचना के आधार पर पुलिस ने 3 आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपने स्थानीय साथियों की मदद से निराश्रित मवेशियों, विशेषकर बैल एवं बछड़ों को चोरी कर पिकअप वाहन में भरकर बड़वानी ले जाने तथा वहां हाट बाजारों में बेचने की बात बताई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए बछड़े सहित कुल 3 मवेशी एवं घटना में प्रयुक्त पिकअप लोडिंग वाहन क्रमांक MP-41-ZG-7728 जब्त किया।
जब्त माल की अनुमानित कीमत 4 लाख 40 हजार रुपए है। बरामद तीनों मवेशियों को सुरक्षित रूप से चंद्रकेश्वर गोशाला पहुंचाया गया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायालय बागली के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी-
1. कुंवरसिंह जामरे निवासी ग्राम पलसूद जिला बड़वानी।
2. विजय नावड़े निवासी ग्राम पानीगांव मोहाड़ा थाना कांटाफोड़।
3. रामसिंह वास्केल निवासी ग्राम इमलीपुरा थाना कमलापुर।
सराहनीय भूमिका- थाना प्रभारी कमलापुर उप निरीक्षक सर्जनसिंह मीणा, प्रधान आरक्षक सत्यप्रकाश मिश्रा, आरक्षक विवेक गांगे, आरक्षक अरुण वर्मा, दिलीप सोलंकी, सैनिक रविंद्र मालवीय एवं विष्णु सोनी की सराहनीय भूमिका रही।



