क्राइम

देवास पुलिस का बड़ा एक्शन! 1500 किमी दूर बिहार से साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार, 5 लाख कैश बरामद

बैंक अधिकारी बनकर रिटायर्ड कर्मचारी से की थी 6.03 लाख की ठगी

Share
  • पेंशन कार्ड अपडेट और टैक्स छूट का दिया था झांसा; जामतारा कनेक्शन आया सामने

देवास। देवास में रिटायर्ड कर्मचारी को पेंशन कार्ड अपडेट करने और टैक्स में छूट दिलाने का झांसा देकर 6.03 लाख की साइबर ठगी करने वाले आरोपी तक पुलिस आखिरकार पहुंच गई। देवास पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर करीब 1500 किलोमीटर दूर बिहार के कटिहार से आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपी के घर की अलमारी से ठगी की रकम में से 5 लाख नकद बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में इस साइबर ठगी नेटवर्क के तार झारखंड के जामतारा से जुड़ते नजर आए हैं। अब पुलिस गिरोह के मुख्य सरगनाओं और अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी प्रेसवार्ता में एसपी पुनीत गेहलोद ने दी।

पूरे घटनाक्रम के अनुसार थाना कोतवाली क्षेत्र के एलआईसी से सेवानिवृत्त कर्मचारी मनोहरलाल सिलोदिया उम्र 62 वर्ष के साथ अज्ञात साइबर ठगों द्वारा बैंक अधिकारी बनकर पेंशन कार्ड अपडेट करवाने एवं टैक्स में छूट दिलाने का झांसा देकर कुल 6,03,000 की साइबर ठगी की गई थी। फरियादी की शिकायत पर थाना कोतवाली में धारा 318(4) BNS के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) गजेंद्रसिंह वर्धमान के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक देवास सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश प्रारंभ की गई।

पुलिस टीम ने साइबर ठगी से संबंधित बैंकिंग लेनदेन, मोबाइल नंबरों एवं अन्य तकनीकी साक्ष्यों का सूक्ष्मता से विश्लेषण किया। विवेचना के दौरान प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने लगभग 1500 किलोमीटर दूर जिला कटिहार (बिहार) पहुंचकर आरोपी की तलाशी की। पुलिस टीम ने आरोपी सचिन कुमार पिता उमेश पासवान उम्र 21 वर्ष निवासी खुदनारुपसपुर थाना रौतारा, जिला कटिहार (बिहार) को कटिहार से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। आरोपी की निशानदेही पर उसके घर की अलमारी से साइबर ठगी की राशि में से 5 लाख नगद विधिवत जब्त किए गए।

गिरफ्तार आरोपी द्वारा दी गई जानकारी एवं विवेचना में प्राप्त तथ्यों के आधार पर साइबर ठगी गिरोह के मुख्य सरगनाओं का संबंध जामतारा (झारखंड) से होना सामने आया है। गिरफ्तार आरोपी से साइबर ठगी के नेटवर्क, अन्य संलिप्त व्यक्तियों एवं ठगी की शेष राशि के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि जिलेवासियों को साइबर फ्रॉड से बचाने हेतु पुलिस अधीक्षक श्री गेहलोद द्वारा जारी “ऑपरेशन सायबर” के तहत जिला पुलिस साइबर सेल ने 1 नवंबर 2024 से आज तक कुल 3,89,28,622 की ठगी गई राशि वापस करवाई है एवं विभिन्न शिकायतों में 5,27,16,769 की राशि होल्ड करवाई है, जिसे अग्रिम वैधानिक कार्रवाई उपरांत आवेदकों को लौटाया जाएगा। साथ ही अब तक कुल 130 ई-जीरो FIR पंजीबद्ध कर 26 आरोपी गिरफ्तार कर उनसे कुल 98,52,614 की राशि जब्त की गई है।

सराहनीय भूमिका- थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत चौरसिया, उपनिरीक्षक सचिन सोनगरा, उपनिरीक्षक डीके त्यागी, प्रधान आरक्षक मनोज पटेल, रवि गरोड़ा, अर्पित श्रीवास्तव, आरक्षक सुजीत, अभिषेक पंवार, मनीष राजपूत, अनिल, महिला आरक्षक नेहा ठाकुर एवं सायबर सेल देवास से प्रधान आरक्षक सचिन चौहान, शिवप्रतापसिंह सेंगर, महिला आरक्षक निशा पाटोरिया की सराहनीय भूमिका रही।

Back to top button