आनंद मार्ग प्रचारक संघ का सेवा, साधना एवं युवा जागरण अभियान का आयोजन

देवास। आनंद मार्ग प्रचारक संघ द्वारा 17 से 22 जुलाई तक सेवा, साधना, नैतिक शिक्षा, योग, युवा जागरण एवं सामाजिक उत्थान को समर्पित कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों एवं युवाओं में नैतिक मूल्यों का विकास, सकारात्मक जीवन-दृष्टि का निर्माण तथा समाज में सेवा एवं आध्यात्मिकता की भावना को सुदृढ़ करना रहा विद्यार्थियों को ध्यान-योग एवं नैतिक शिक्षा का प्रशिक्षण दिया गया। इसके माध्यम से बच्चों में एकाग्रता, अनुशासन, आत्मविश्वास तथा मानवीय मूल्यों के विकास पर विशेष बल दिया गया।

विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु ध्यान-योग एवं नैतिक शिक्षा का कार्यक्रम आयोजित किया गया। मनोविज्ञान विषय पर विस्तृत चर्चा की गई तथा अभिभावकों को सकारात्मक पेरेंटिंग स्टाइल एवं बच्चों के स्वस्थ व्यक्तित्व निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। जरूरतमंदों के बीच नारायण सेवा के अंतर्गत सेवा कार्य संपन्न किया गया। आभा विद्या निकेतन, सेमरा कला में तीन घंटे का अखंड बाबा नाम केवलम् कीर्तन आयोजित हुआ। आनंद मार्ग सेवा दल द्वारा दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ हुआ।
आनंद मार्ग प्रचारक संघ के हेमेन्द्र निगम काकू ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश के डीआईजी जेल एमआर पटेल थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में दिल्ली सेक्टर के सेक्टोरियल सेक्रेटरी आचार्य पुष्पेन्द्रानंद अवधूत थे। शिविर का संचालन आनंद आचार्य धीरजानंद अवधूत एवं आचार्य राघवानंद जी के नेतृत्व में हुआ।
कार्यक्रम में भोपाल डायसिस सेक्रेटरी आचार्य हर्षमयानंद अवधूत का योगदान रहा। आचार्य सुभद्रानंद अवधूत की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। भोपाल सेंट्रल जेल प्रशिक्षण केंद्र में जेल अधिकारियों के लिए योग एवं ध्यान विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया।
इस अवसर पर योग एवं ध्यान के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही अधिकारियों को विभिन्न योगासन, ध्यान की विधि तथा कौशिकी एवं ताण्डव नृत्य का भी व्यावहारिक प्रशिक्षण कराया गया, जिसे सभी प्रतिभागियों ने अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया।
समाज में नैतिकता, सेवा, आध्यात्मिकता एवं मानवता के मूल्यों को स्थापित करने के उद्देश्य से इन युवाओं का समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत बना।
उपस्थित जनसमुदाय एवं प्रदेश के विभिन्न जिलों के क्षेत्रों के लोगों ने इन युवाओं के सेवा कार्यों एवं सामाजिक प्रतिबद्धता की सराहना की।




