
आवारा कुत्तों का बढ़ता खतरा, एक सप्ताह में 100 से अधिक डॉग बाइट के मामले
देवास। शहर व आसपास के गांवों में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या लोगों के लिए चिंता का विषय बन गई है। ताजा घटना जलोनी सियापुरा क्षेत्र की है, जहां घर के बाहर खेल रहे 10 वर्षीय बच्चे पर आवारा कुत्ते ने हमला कर उसे घायल कर दिया।
वहीं, जिला अस्पताल के आंकड़े बताते हैं कि पिछले एक सप्ताह में कुत्तों के काटने के 100 से अधिक मामले सामने आए हैं।
विभिन्न इलाकों में आवारा कुत्तों की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। आए दिन कुत्तों के हमले की घटनाएं सामने आने से लोगों में भय का माहौल है। सबसे अधिक चिंता बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर जताई जा रही है।
ताजा मामला जलोनी सियापुरा क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, 10 वर्षीय मोहित मालवीय अपने घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान एक आवारा कुत्ता अचानक वहां पहुंचा और उस पर हमला कर दिया। हमले में बच्चे के पैर में चोट आई।
बच्चे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों की भीड़ जुटते ही कुत्ता वहां से भाग गया। इसके बाद परिजन मोहित को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक इलाज के साथ आवश्यक टीकाकरण किया गया।
जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले सात दिनों में डॉग बाइट के 108 मरीज उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे हैं। लगातार बढ़ रहे मामलों ने शहर में आवारा कुत्तों की समस्या को गंभीर बना दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थानों पर आवारा कुत्तों के झुंड देखे जा सकते हैं, जिससे राहगीरों और बच्चों को हमेशा खतरा बना रहता है।




