प्रशासनिक

नवागत एसडीएम प्रिया चंद्रावत राठौड़ का अजाक्स ने किया सम्मान

Share

 

जिला अध्यक्ष बोले— योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, तभी उनके जीवन में खुशहाली आएगी

देवास। राजस्व अनुभाग में नवागत अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) के रूप में पदस्थ हुईं प्रिया चंद्रावत राठौड़ का अजाक्स के पदाधिकारियों ने सम्मान समारोह आयोजित कर स्वागत किया।

इस दौरान जिला अध्यक्ष नंदलाल हरियाले ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए, तभी समावेशी विकास का उद्देश्य पूरा होगा।

देवास में अजाक्स के जिला अध्यक्ष नंदलाल हरियाले के नेतृत्व में नवागत एसडीएम प्रिया चंद्रावत राठौड़ का पुष्पगुच्छ एवं भारतीय संविधान की उद्देशिका भेंट कर अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष नंदलाल हरियाले ने कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ शहरों के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों में रहने वाले प्रत्येक पात्र नागरिक तक प्रभावी रूप से पहुंचे। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की आर्थिक उन्नति ही उसे मुख्यधारा से जोड़ने का सबसे प्रभावी माध्यम है। जब पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिलेगा, तभी उनके जीवन में वास्तविक बदलाव और खुशहाली आएगी।

नवागत एसडीएम प्रिया चंद्रावत राठौड़ ने कहा कि मध्यप्रदेश शासन की सभी महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आमजन के हितों की रक्षा, समस्याओं के समाधान और प्रशासनिक सहयोग के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगी।

कार्यक्रम में अजाक्स के जिला सचिव मोहनलाल बारवाल, तहसील अध्यक्ष (कन्नौद) तेलम सिंह मोरे, प्रेम सिंह पंवार सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Back to top button