शिक्षा

सांदीपनि विद्यालय के निर्माणाधीन भवन का विधायक गायत्री राजे पवार ने किया निरीक्षण

Share

 

– गुणवत्ता के साथ समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए

देवास। विधायक गायत्री राजे पवार ने शासकीय सांदीपनि विद्यालय, बालगढ़ के निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता और विद्यार्थियों की सुविधाओं का जायजा लिया।

उन्होंने ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों को कमियां दूर कर तय समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर को अधिक सुविधाजनक और विद्यार्थी हितैषी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।

विद्यार्थियों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान विधायक गायत्री राजे पवार ने कहा कि विद्यालय का निर्माण केवल भवन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसमें विद्यार्थियों की हर सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने प्रार्थना स्थल पर गर्मी और बारिश से बचाव के लिए डोम (शेड) बनाने के निर्देश दिए, ताकि प्रार्थना सभा और अन्य गतिविधियां बिना किसी परेशानी के हो सकें।

परिसर को आधुनिक और हराभरा बनाने पर जोर
विधायक ने बाउंड्री वॉल के बाहरी हिस्से में ब्लॉक लगाने, मल्टीपरपज हॉल में Acoustic Panels लगाकर उसे साउंडप्रूफ बनाने तथा पूरे विद्यालय परिसर और खेल मैदान में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए इसे निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर भी जोर दिया।

प्राचार्य ने दी निर्माण कार्य की जानकारी
विद्यालय के प्राचार्य देवेन्द्र बंसल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान विधायक ने निर्माण कार्य से जुड़ी विभिन्न कमियों को तत्काल सुधारने और आवश्यक कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश संबंधित ठेकेदार को दिए।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान देवास महापौर गीता अग्रवाल, निगम सभापति रवि जैन, महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, वार्ड पार्षद दीपक अकोदिया, अर्जुन चौधरी, दुर्गेश चिल्लोरिया तथा सभी मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।

इस अवसर पर ठेकेदार राजेश अंसारी, अधीक्षण यंत्री परियोजना कार्यान्वयन इकाई रूपेश सोलंकी, परियोजना अधिकारी केएस तंवर सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा। अतिथियों का स्वागत विद्यालय के प्राचार्य देवेन्द्र बंसल, परियोजना अधिकारी केएस तंवर, ठेकेदार राजेश असाठी और रूपेश सोलंकी ने किया।

Back to top button