1 लाख की रिश्वत लेते जिला संयोजक और छात्रावास अधीक्षक लोकायुक्त के हत्थे चढ़े

विभागीय जांच में मदद और रुका वेतन निकालने के नाम पर मांगी थी 1.25 लाख रुपए की रिश्वत, उज्जैन लोकायुक्त ने रंगे हाथों दबोचा
उज्जैन। भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लोकायुक्त इकाई उज्जैन ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आदिम जाति कल्याण विभाग नीमच के जिला संयोजक और छात्रावास अधीक्षक को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया।
महानिदेशक, लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई किए जाने के निर्देश पर मनोज कुमार सिंह उप महानिरीक्षक के प्रभावी मार्गदर्शन में लोकायुक्त संभाग उज्जैन द्वारा सफल ट्रेप कार्रवाई की गई।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, जूनियर कन्या छात्रावास कुकड़ेश्वर (जिला नीमच) में अधीक्षिका पद पर पदस्थ कुर्दुला एक्का ने शिकायत दर्ज कराई थी कि छात्रावास में कथित अनियमितताओं के कारण उनके खिलाफ विभागीय जांच चल रही है तथा उनका वेतन भी रुका हुआ है। शिकायत के अनुसार जिला संयोजक राकेश राठौर और उत्कृष्ट बालक छात्रावास नीमच के अधीक्षक हरीश चौहान द्वारा विभागीय जांच में सहयोग करने और रुका हुआ वेतन निकलवाने के एवज में 1 लाख 25 हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई थी।
शिकायत का सत्यापन कराने के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। गुरुवार 25 जून 2026 को लोकायुक्त टीम ने राकेश राठौर एवं हरीश चौहान को 1 लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। रिश्वत की राशि हरीश चौहान की पेंट की दाहिनी जेब से बरामद की गई। आरोपियों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
डीएसपी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई- लोकायुक्त ट्रैप दल में डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल, निरीक्षक हीना डावर, प्रधान आरक्षक हितेश ललावत, आरक्षक उमेश जाटव, श्याम शर्मा, मोहम्मद इसरार, संजीव कुमारिया तथा कंप्यूटर ऑपरेटर अंजली पुरानिया शामिल रहे।
लोकायुक्त की आमजन से अपील- लोकायुक्त संगठन ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई शासकीय अधिकारी या कर्मचारी किसी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो उसकी शिकायत लोकायुक्त उज्जैन के मोबाइल नंबर 9425103975 अथवा शासकीय दूरभाष 0734-2512756 पर की जा सकती है। संगठन द्वारा भ्रष्टाचार के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।




