शिक्षा

किराना व्यापारी की बेटी ने मेहनत और स्मार्ट स्टडी से हासिल की बड़ी सफलता

Share

 

CA बनना लक्ष्य, 96.8% अंकों से प्रदेश में मिली 7वीं रैंक, भौंरासा की राशि माली ने लहराया परचम

भौंरासा (मनोज शुक्ला)। छोटे से नगर भौंरासा की बेटी राशि माली ने बड़े सपनों को सच कर दिखाया है। एमपी बोर्ड की कक्षा 12वीं परीक्षा में 96.8% अंक हासिल कर प्रदेश में 7वां स्थान प्राप्त करते हुए राशि ने न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया। अब उनका लक्ष्य चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) बनना है।

माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणाम में जिले की बेटियों ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इसी कड़ी में नगर की छात्रा राशि माली ने कक्षा 12वीं (वाणिज्य संकाय) में 96.8% अंक प्राप्त कर प्रदेश की मेरिट सूची में 7वां स्थान हासिल किया है।

राशि माली, उत्कृष्ट विद्यालय देवास की छात्रा हैं और मूल रूप से भौरासा नगर की निवासी हैं। उनके पिता संजय माली स्थानीय स्तर पर किराना दुकान संचालित करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद राशि ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया।

मीडिया से चर्चा में राशि ने बताया कि उनका लक्ष्य चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) बनना है। उन्होंने अपनी पढ़ाई में मोबाइल फोन और इंटरनेट का सकारात्मक उपयोग किया, जिससे कठिन विषयों को समझने में मदद मिली।

राशि की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, परिजन और पूरे नगर में खुशी का माहौल है। देवास में विद्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर उनका पुष्पमाला और गुलदस्तों से स्वागत किया गया। वहीं भौरासा पहुंचने पर परिजनों और मित्रों ने आतिशबाजी कर मिठाई खिलाकर उनका भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर रमेश दीवान, कमलेश नामदेव, डॉ. मोहन माली, डॉ. संजय माली, मोहनलाल विश्वकर्मा, संतोष माली सहित अनेक नागरिक उपस्थित रहे।

 

Back to top button