24 घंटे में पुलिस का एक्शन: चोरी की बाइक बरामद, 2 शातिर चोर गिरफ्तार

देवास। जिले के नेमावर क्षेत्र में पुलिस ने तेज़ और प्रभावी कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस त्वरित कार्रवाई ने साबित किया कि जिले की पुलिस अपराधियों पर कड़ी नजर बनाए हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोत के निर्देशानुसार जिले में चोरी, लूट और डकैती जैसी वारदातों पर सख्ती से नियंत्रण लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना नेमावर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की।
घटना 29 मार्च की है, जब नेमावर निवासी 23 वर्षीय अमन पिता संतोष सोनिया ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पल्सर मोटरसाइकिल (MP-41 ZF-7727) को भारत घावरी के घर के सामने से दो अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन के मार्गदर्शन और एसडीओपी कन्नौद आदित्य तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी सुरेखा निमोदा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो संदिग्ध व्यक्ति चोरी की बाइक लेकर खातेगांव की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को मौके से दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम विजय (निवासी धनगांव, जिला हरदा) और राहुल (निवासी संदलपुर, थाना खातेगांव, जिला देवास) बताया।
दोनों आरोपियों ने पूछताछ में बाइक चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली। इतना ही नहीं, पूछताछ में आरोपियों ने बैतूल जिले से एक और बाइक चोरी करने की बात भी कबूल की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है, जहां उनके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सराहनीय भूमिका-
इस सफलता में थाना प्रभारी सुरेखा निमोदा, उपनिरीक्षक विजय सिंह बैस, प्रधान आरक्षक दीपक पटेल, प्रधान आरक्षक ज्ञान सिंह यादव, आरक्षक राजेश धाकड़ एवं सैनिक संदीप तोमर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





