क्राइम

सीसीटीवी के जाल में फंसी नकबजन गैंग: ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ से बड़ा खुलासा, 10 आरोपी गिरफ्तार

Share

 

– कचरा बिनने के दौरान सुनसान और ताले लगे घरों की रेकी कर करते थे चोरी

– थाना भेरुन्दा जिला सीहोर की चोरी की घटना का भी हुआ खुलासा

देवास। जिले में चोरी और नकबजनी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” ने एक बार फिर अपनी प्रभावशीलता साबित कर दी है। थाना हरणगांव पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर एक सक्रिय नकबजन गैंग का पर्दाफाश करते हुए 3 नाबालिग सहित कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

खास बात यह रही कि आरोपियों से चोरी गया पूरा माल भी बरामद कर लिया गया है, साथ ही इस गैंग द्वारा जिला सीहोर के थाना भेरूंदा क्षेत्र में की गई चोरी का भी खुलासा हुआ है।

ऐसे खुला पूरा मामला-
16 फरवरी को एक महिला फरियादी ने थाना हरणगांव में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि वह घर पर ताला लगाकर दुकान गई थी। वापस लौटने पर घर और अलमारी के ताले टूटे मिले और अंदर रखे करीब 50 हजार रुपये गायब थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन के मार्गदर्शन और एसडीओपी कन्नौद आदित्य तिवारी के निर्देशन में थाना प्रभारी अभिषेक सिंह सेंगर के नेतृत्व में जांच शुरू हुई।

100+ सीसीटीवी फुटेज बने अहम सुराग-
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” के तहत सीसीटीवी कैमरों की जांच की। करीब 100 से अधिक फुटेज खंगालने पर आरोपियों की गतिविधियां और भागने के रास्ते कैद मिले। इन्हीं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 19 मार्च को मुख्य आरोपी एमरुस पाल और मधुबाई को गिरफ्तार किया गया, जिनसे पूछताछ के बाद पूरे गिरोह का पर्दाफाश हुआ।

ऐसे करता था गैंग वारदात-
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह गांव-गांव घूमकर पन्नी (कचरा) बिनने का काम करता था। इसी दौरान सुनसान और ताले लगे घरों की रेकी की जाती थी। फिर गिरोह के अन्य सदस्य मौके का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

10 आरोपी गिरफ्तार, 3 नाबालिग भी शामिल-
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 3 नाबालिग भी शामिल हैं। सभी आरोपी जिला सीहोर के इच्छावर क्षेत्र के जूना पानी के निवासी हैं। आरोपियों से चोरी गया सम्पूर्ण माल बरामद कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

दूसरे थाने की चोरी का भी खुलासा-
थाना हरणगांव की जांच के दौरान मिले सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर थाना भेरूंदा, जिला सीहोर में हुई समान प्रकृति की चोरी की घटना भी ट्रेस कर ली गई है। इससे स्पष्ट हुआ कि यह गिरोह एक से अधिक स्थानों पर सक्रिय था।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका-
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक सिंह सेंगर सहित पुलिस टीम के प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश पाटिल, आरक्षक बलराम, बलवान, संजय, संदीप, महेंद्र एवं श्वेता की अहम भूमिका रही, जिनकी तत्परता और तकनीकी जांच से यह बड़ी सफलता मिली।

गिरफ्तार आरोपी-
01. एमरुस पाल पिता राम प्रसाद निवासी जूना पानी इच्छावर जिला सीहोर
02. मधु बाई पति एमरुसपाल निवासी जूना पानी इच्छावर जिला सीहोर
03. राजेंद्र पिता मोती सिंह निवासी जूना पानी इच्छावर जिला सीहोर
04. हलिका पति राजेंद्र निवासी जूना पानी इच्छावर जिला सीहोर
05. राजना पिता मोती सिंह निवासी जूना पानी इच्छावर जिला सीहोर
06. करण कपूर पिता तेरू सिंह निवासी जूना पानी इच्छावर जिला सीहोर
07. दिव्या पति करण कपूर निवासी जूना पानी इच्छावर जिला सीहोर
08. 3 नाबालिक निवासी जूना पानी इच्छावर जिला सीहोर

Back to top button