राजस्व विभाग का क्रिकेट महाकुंभ देवास में जारी, 51 मुकाबलों का महासंग्राम

– प्रदेशभर की 24 टीमें मैदान में, 23 मार्च को होगा खिताबी मुकाबला
देवास। राजस्व विभाग के तत्वावधान में देवास शहर में प्रदेश स्तरीय पांच दिवसीय क्रिकेट प्रतियोगिता एमपी रेवेन्यू प्रीमियर लीग 2026 का आयोजन उत्साह के साथ किया जा रहा है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता दिवंगत पटवारी एवं लिपिक साथियों की पावन स्मृति को समर्पित है, जिससे आयोजन को भावनात्मक एवं प्रेरणादायी स्वरूप भी मिला है।
आयोजन समिति अध्यक्ष पटवारी धर्मेन्द्र चौबे एवं प्रांतीय पटवारी संघ के कार्यकारी जिलाध्यक्ष दिलीप जाट ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ 19 मार्च से सरदाना इंटरनेशनल स्कूल के क्रिकेट ग्राउंड, देवास में डे-नाइट प्रारूप में किया गया है। इस आयोजन की जिम्मेदारी रेवेन्यू क्रिकेट क्लब, जिला देवास के संरक्षक अजय दायमा, किशोर जोशी, स्वीकार जैन, टूर्नामेंट संयोजक राहुल खरसोदिया, आशीष सेम, संजय पवार, किशोर चांवरे द्वारा संभाली जा रही है।
श्री चौबे ने बताया, कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बीच खेल भावना को प्रोत्साहित करना और आपसी समन्वय को मजबूत बनाना है। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के 24 जिलों की टीमें भाग ले रही हैं, जो इसे राज्य स्तर का एक महत्वपूर्ण आयोजन बनाती है। खास बात यह है कि जिले में राजस्व विभाग का यह पहला प्रदेश स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता में कुल 51 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें 36 लीग मैच, 12 सुपर मैच, 2 सेमीफाइनल और एक फाइनल मुकाबला शामिल है। सभी मैचों में खिलाडिय़ों का जोश और दर्शकों का उत्साह देखने लायक है। विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबले खेले जा रहे हैं, जिससे खेल प्रेमियों को उच्च स्तरीय क्रिकेट का आनंद मिल रहा है।

टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 23 मार्च को आयोजित किया जाएगा। आयोजन समिति द्वारा प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों के ठहरने एवं भोजन की उत्कृष्ट व्यवस्था भी की गई है, जिससे खिलाडिय़ों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।




