स्पोर्टस

बांग्लादेश ने रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को 11 रन से हराया, सीरीज 2-1 से जीती

Share

 

स्पोर्ट्स डेस्क। पाकिस्तान क्रिकेट टीम की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही है। टी20 वर्ल्डकप में करारी शिकस्त से सुपर आठ में ही बाहर हुई यह टीम अब बांग्लादेश से वंडे सीरीज 2-1 से हार गई। जबकि पाकिस्तान आगामी वंडे वर्ल्डकप के सपने देख रहा है।

3rd ODI में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को 11 रन से हराकर तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। मुकाबला शेर ए बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेला गया, जहां अंत तक रोमांच बना रहा।

पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने निर्धारित 50 ओवर में 5 विकेट पर 290 रन बनाए। टीम की ओर से तंजीद हसन तमीम ने शानदार शतक लगाकर पारी को मजबूत आधार दिया। उन्होंने 107 गेंद पर 6 चौके व 7 छक्के लगाकर 107 रन बनाए। उनके अलावा लिटन दास ने 41 और तौहीद हृदय ने 48 रन की उपयोगी पारी खेली, जिससे टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में सफल रही।

291 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शुरुआती विकेट जल्दी गिर गए। पाकिस्तान के 17 रन पर तीन विकेट सिर्फ 2.5 ओवर में ही गिर गए। हालांकि सलमान आगा ने शानदार शतक लगाकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। उन्हें साद मसूद (38) और शाहीन अफरीदी (37) का साथ मिला, लेकिन टीम निर्धारित ओवरों में 279 रन ही बना सकी।

बांग्लादेश की ओर से तस्कीन अहमद ने 4 विकेट लेकर मैच का रुख मोड़ दिया, जबकि मुस्तफिजुर रहमान ने 3 विकेट लेकर पाकिस्तान की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। मैच के बाद बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज ने टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने दबाव के क्षणों में संयम बनाए रखा और यही जीत की सबसे बड़ी वजह रही। यह मुकाबला सीरीज का सबसे रोमांचक मैच साबित हुआ।

Back to top button