नकली चांदी के सिक्के गिरवी रख 55 हजार की ठगी

– कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 153 नकली सिक्के जब्त; चार आरोपी गिरफ्तार
देवास। शहर में नकली चांदी के सिक्के गिरवी रखकर हजारों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
फर्जी सिक्कों के सहारे 55 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 153 नकली चांदी के सिक्के बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई कर गिरोह तक पहुंच बनाई। पूरे मामले की जानकारी एसपी पुनीत गेहलोद ने प्रेसवार्ता में दी।
पुलिस के अनुसार 17 फरवरी को फरियादी अमरिश चौधरी चौधरी उम्र 48 वर्ष निवासी महात्मा गांधी मार्ग देवास द्वारा थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनकी “कंचन ज्वेलर्स” नाम से सोने-चांदी के आभूषणों की दुकान है। फरियादी ने बताया कि मिर्जा बाखल देवास निवासी तोसिफ पिता अबरार खान जो रतलाम ज्वेलर्स देवास में कार्यरत था, पूर्व परिचित होने के कारण 17 दिसंबर 2025 को दोपहर लगभग 2 बजे उनकी दुकान पर आया और 50 चांदी के सिक्के गिरवी रखकर 55,000 रुपए उधार लिए। परिचय होने के कारण फरियादी ने तत्काल सिक्कों की शुद्धता जांच नहीं की। बाद में जांच करने पर सभी 50 सिक्के नकली पाए गए। आरोपी द्वारा असली चांदी के सिक्के बताकर नकली सिक्के देकर धोखाधड़ी करना पाया गया। उक्त रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 318(4) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद द्वारा आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देश दिए गए। जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीरसिंह भदौरिया के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक श्यामचंद्र शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्य, भौतिक साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से कुल 153 नकली चांदी के सिक्के जब्त कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी आरोपी के नाम-
1. तौसीफ उर्फ तनवीर पिता अबरार उम्र 22 साल निवासी मिर्जा बाखल देवास
2. आमेर पिता समीर खान निवासी तराना जिला उज्जैन
3. जमशेद ऊर्फ अयान पिता शाकिर खान 22 साल निवासी मिर्जा बाखाल देवास।
4. शादाब पिता सादिक खान उम्र 24 साल मदर बढ़ तराना जिला उज्जैन
सराहनीय कार्य-
उक्त सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक श्यामचंद्र शर्मा, उनि सचिन सोनगरा, प्रआर मनोज पटेल, आर सूरज सिकरवार, अभिषेक पंवार, मनीष राजपूत, मनीष देथलिया, किशन पंवार की सराहनीय भूमिका रही।




