Uncategorized

नवरात्रि में भक्तिमय हुआ बेहरी, मां कात्यायनी मंदिर में उमड़ा जनसैलाब

Share

बेहरी। क्षेत्र के माता मंदिरों और विभिन्न स्थानों पर नवदुर्गा उत्सव समिति द्वारा विशेष विद्युत सज्जा कर आकर्षक पंडाल सजाए गए हैं, जहां मनोहारी प्रतिमाएं विराजित की गई हैं। इन दुर्गा पंडालों में प्रतिदिन सुबह और शाम पूजा-अर्चना के साथ प्रसाद वितरण किया जा रहा है।

नगर के अंबे माता चौराह पर स्थित मां कात्यायनी मंदिर में प्रतिदिन 9 जोड़ो के साथ हवन-यज्ञ और पूजा का आयोजन किया जा रहा है। नवदुर्गा उत्सव समिति द्वारा रात्रि को आरती के पश्चात कन्याओं द्वारा मां की प्रतिमा के समक्ष आकर्षक गरबा नृत्य कर आराधना की जा रही है।

मंदिर के पुजारी राजेंद्र उपाध्याय और अंतिम उपाध्याय ने बताया कि प्राचीन कात्यायनी माता मंदिर में महाआरती के बाद दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु रोज़ाना तीन-चार मन्नतें पूरी होने पर तुला दान करते हैं।

नवरात्रि के पहले दिन मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालुओं ने मिठाई से तुला दान किया। इसमें प्रहलाद गिरी गोस्वामी और धर्मपत्नी गीता गोस्वामी, हीरालाल गोस्वामी और धर्मपत्नी संगीता गोस्वामी, कैलाश गोस्वामी, मुकेश गोस्वामी, विजय गोस्वामी, सेवानिवृत्त फौजी जय गोस्वामी और धर्मपत्नी सुनीता गोस्वामी तुलादान में शामिल हुए। भक्तिमय बाबा भजन मंडली द्वारा रास-गरबा का आयोजन भी किया गया। समय अनुसार रात्रि 8 बजे आरती पूजन के बाद प्रशिक्षित नन्ही बालिकाएं और भक्त महिलाओं द्वारा गरबा किया जा रहा है। श्रद्धालु देर रात तक मां कात्यायनी के दरबार में अपनी भक्ति और उपस्थिति दर्ज कराते हैं।

Back to top button