पुलिस ने वेयरहाउस की चोरी का किया खुलासा

– वेयरहाउस से गेहूं की बोरियां चुराई थी, तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी का पूरा माल जब्त
– सीसीटीवी व तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस को मिली सफलता
देवास। शहर में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक बड़ी चोरी का पर्दाफाश किया है। एक वेयरहाउस से लाखों रुपये का गेहूं चोरी करने तीन आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा।
आरोपियों से चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया गया है, जिसकी कुल कीमत करीब 14 लाख रुपये आंकी गई है। जिले में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने मिशन स्तर पर कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया है। 20 जून की रात में फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि अज्ञात व्यक्ति उसके वेयर हाउस का ताला तोड़कर 57 बोरी गेहूं पिकअप में भरकर चोरी कर ले गए।
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बैंक नोट प्रेस पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में एवं उप पुलिस अधीक्षक (एल/आर) संजय शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी बैंक नोट प्रेस अमित सोलंकी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। विशेष टीम के द्वारा तकनीकी साक्ष्य, भौतिक साक्ष्य एवं मुखबिर तंत्र सक्रिय कर आस-पास के सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए।
तकनीकी एवं मुखबिर साक्ष्य के आधार पर सालगराम पिता मनोहरसिंह उम्र 29 साल, शांतिलाल पिता मनोहरसिंह उम्र 22 साल निवासी व सुनील पिता रामप्रसाद मंसौरे निवासी ग्राम नामनपुर थाना सतवास जिला देवास को पुलिस अभिरक्षा में लेकर प्रारंभिक पूछताछ करने पर आरोपियों द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया गया। चोरी गया मश्रुका को जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
जब्त माल- 57 बोरी गेहूं कीमती 1,52,000 रुपए एवं 2 पिकअप वाहन कीमती करीबन 12,50,000 रुपए कुल माल करीब 14,02,000 रुपए का जब्त।
सराहनीय कार्य- थाना प्रभारी बैंक नोट प्रेस अमित सोलंकी, उनि गोपाल चौधरी, सउनि हितेन्द्र चंद्रवंशी, ईश्वर मंडलोई, प्रआर हिमांशु, आर शंकर डोडियार, संदीप यादव, ओम प्रकाश जाट, दीपक, सैनिक भगवान सिंह की सराहनीय भूमिका रही।




