विकासखंड स्तर के शिक्षकों को दिया जा रहा है योग का प्रशिक्षण

देवास। 21 जून को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को शासन द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत आयोजित करने के उद्देश्य से देवास विकासखंड में संचालित शासकीय तथा अशासकीय हायर सेकेंडरी, हाई स्कूल, माध्यमिक विद्यालय एवं प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों में से एक शिक्षक, जो योग में रुचि रखते हैं, को एक दिवसीय योग प्रशिक्षण 11 जून से 14 जून तक प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से 11 बजे तक शासकीय नारायण विद्यालय क्रमांक-2 (उत्कृष्ट विद्यालय) में दिया जा रहा है।
विकासखंड योग प्रभारी अशोक बुनकर ने बताया कि आज प्रातः 8 बजे नवागत विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रमिला डाबर द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर प्रशिक्षण का विधिवत शुभारंभ किया गया।
बीईओ ने अपने उद्बोधन में कहा कि समस्त प्रशिक्षणार्थी यहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को प्रोटोकॉल के अनुसार योग आसनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराएं। साथ ही 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर समस्त शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों एवं ग्रामवासियों को भी आमंत्रित कर कार्यक्रम को भव्य रूप से सम्पन्न करें।
योग प्रशिक्षण का आयोजन जिला योग प्रभारी हजारीलाल जाट तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी अभिमन्यु यादव के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में किया जा रहा है। प्रशिक्षण प्रदान करने वालों में योग प्रशिक्षक अशोक बुनकर, कृष्णकांत शर्मा, सरिता मालवीय, रामचंद्र सोलंकी एवं मांगीलाल चौहान शामिल हैं।




