नगर निगम की अनोखी पहल: अब कचरा प्लांट पर उगेंगे बांस, बढ़ेगा हरियाली का दायरा

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में उठाया कदम, कचरा प्लांट का किया निरीक्षण
देवास। नगर पालिक निगम द्वारा पर्यावरण संरक्षण की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पौधारोपण की मुहिम शुरू की गई थी। इसी क्रम में अब नगर निगम द्वारा ट्रेचिंग ग्राउंड (कचरा स्टेशन) पर बांस के पौधों का रोपण किया जाएगा।
नगर निगम उपायुक्त जाकिर जाफरी ने ट्रेचिंग ग्राउंड पर स्थित गीले, सूखे और प्लास्टिक कचरे के प्रोसेसिंग प्लांट का निरीक्षण किया। इस दौरान बांस के पौधों के रोपण के लिए उपयुक्त स्थलों का चयन भी किया गया।
निरीक्षण में सामने आई खामियां
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त को रजिस्टर अवलोकन में यह जानकारी मिली कि 26 मई से कचरे की एंट्री दर्ज नहीं की गई है, जिसके चलते व्यवस्थापक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, कचरा गाड़ियों की वजन क्षमता, गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण की प्रक्रिया, और प्रोसेसिंग सिस्टम की भी समीक्षा की गई।
सुरक्षा व्यवस्था पर दिए निर्देश
प्लांट पर कार्यरत कर्मचारियों और निजी एजेंसियों के स्टाफ की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें मास्क और ग्लव्स दिए जाने के निर्देश भी उपायुक्त द्वारा दिए गए।

सीएनडी वेस्ट और अग्निशमन भवन का भी लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान शहर से निकलने वाले C&D वेस्ट (निर्माण एवं ध्वस्तीकरण मलबा) के एकत्रीकरण हेतु बनाए जा रहे भवन और अग्निशमन कार्य हेतु बन रही बिल्डिंग का कार्य भी देखा गया। इस अवसर पर उद्यान शाखा प्रभारी रवि पाटीदार भी उपस्थित रहे।




