सांदीपनि विद्यालय देवास के छात्र-छात्राओं ने आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ाया कदम

– IT/ITeS प्रशिक्षण से सीखे डिजिटल कौशल
देवास। शिक्षा के साथ-साथ कौशल विकास की दिशा में एक उल्लेखनीय पहल करते हुए सांदीपनि विद्यालय देवास के छात्र-छात्राओं ने IT/ITeS प्रशिक्षण के माध्यम से डिजिटल युग की आवश्यक तकनीकी दक्षताओं को सीखा। यह 20 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यालय की व्यावसायिक शिक्षा योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य देवेंद्र बंसल ने जानकारी देते हुए बताया, कि इस प्रशिक्षण का संचालन आईटी व्यावसायिक प्रशिक्षक शिफ़ा कुरैशी ने किया, जिसे IT Geeks Pvt. Ltd. में संपन्न कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने बेसिक कंप्यूटर ज्ञान, ई-मेल लेखन, HTML फॉर्मेटिंग, गूगल स्लाइड, गूगल फॉर्म आदि विषयों में उपयोगी और व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में IT अकादमी के संचालक एवं सीईओ राहुलसिंह परिहार ने विद्यार्थियों को तकनीकी क्षेत्र की बारीकियों से परिचित कराया और उनका मार्गदर्शन किया। उनके अनुभव और मार्गदर्शन ने प्रशिक्षण को और अधिक प्रभावशाली एवं व्यावहारिक बनाया।

प्रशिक्षण के अंतिम दिन विद्यार्थियों को विशेष रूप से डिजिटल सुरक्षा एवं साइबर क्राइम जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण विषय पर जानकारी दी गई। यह सत्र वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी डॉ. वरुण कपूर द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने डिजिटल सेफ्टी, साइबर अपराध की प्रकृति और ऑनलाइन सुरक्षा उपायों पर विस्तार से चर्चा की। उनकी संवादात्मक शैली और प्रासंगिक उदाहरणों ने विद्यार्थियों को जागरूक और सतर्क बनाया।
सांदीपनि विद्यालय परिवार ने इस सफल प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय की इस पहल ने विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी एक मजबूत आधार प्रदान किया।




