प्रशासनिक

यातायात विभाग का ब्रिज पर टू व्हीलर वाहन प्रतिबंधित किया जाना देश का पहला आदेश- कांग्रेस

देवास। शहर हमेशा प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा में रहा है। हाल ही में देवास शहर में नया ओवरब्रिज बनाया गया है। नया ब्रिज बनाने की आवश्यकता इससे पड़ी कि शहर में यातायात दिनोंदिन बढ़ता चला जा रहा है। पिछले कुछ समय से ब्रिज पर दुर्घटनाएं घट रही है। यह कोई पहला मामला नहीं है, कि इस तरह के देश में अन्य जगह बने ब्रिज पर दुर्घटनाएं नहीं होती है। दुर्घटना तो वहां भी घट रही है।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी व प्रवक्ता सुधीर शर्मा ने बताया कि ब्रिज पर आवागमन शुरू हुए कुछ दिन भी नहीं हुए और यातायात पुलिस द्वारा एक आदेश जारी किया गया, कि ब्रिज पर दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाती है, कृपया सभी दोपहिया वाहन चालकों से अनुरोध है कि आवागमन हेतु ब्रिज का उपयोग न करते हुए नीचे की सड़क का उपयोग करें। ब्रिज का उपयोग करने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कांग्रेस ने उक्त आदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हमारे संज्ञान में नहीं है कि देश में आज तक किसी भी प्रदेश की किसी भी यातायात पुलिस ने इस तरह का आदेश जारी किया हो। यातायात पुलिस का काम है कि दुर्घटना रोकने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वाह करें, लेकिन यातायात पुलिस दुर्घटना रोकने की बजाय या दुर्घटना ना हो इसके लिए प्रयास करने की बजाय उन्हें लगा कि ब्रिज पर दोपहिया वाहन प्रतिबंधित कर दिए जाएं, जिससे दुर्घटना ही नहीं हो। ना रहेगा बांस ना बजेगी बांसुरी यह गैर जवाबदारीपूर्ण आदेश है। यातायात पुलिस को चाहिए कि ब्रिज पर दुर्घटना नहीं घटे इसके लिए स्पीड ब्रेकर बनाए। दोनों तरफ यातायात पुलिस की ड्यूटी लगाई जाए, जो वाहनों की गति पर नियंत्रण करने में अपनी भूमिका निभाए। दुर्घटना रोकने के लिए हम अगर जागरूक हो जाएंगे तो निश्चित रूप से दुर्घटनाएं कम से कम ब्रिज पर तो नहीं होगी।
कांग्रेस ने मांग की है कि यातायात पुलिस अपनी जिम्मेदारियों से मुंह नहीं मोड़ते हुए इस तरह के आदेश को निरस्त करें एवं दुर्घटनाएं रोकने में अपनी भूमिका का निर्वाह करें। इस काम में कांग्रेस की अगर कहीं आवश्यकता हो तो कांग्रेस पार्टी उसके लिए तैयार है।

Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button