टेकरी पर महिला सुरक्षा गार्ड की होगी तैनाती

Posted by

 

– पेट्रोल पंप पर कार्य के लिए महिलाओं को देंगे ट्रेनिंग

-स्व सहायता समूह की बनाई वस्तुओं के लिए टेकरी पर होगी दुकानें

-जिले में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए पर्यटन स्थलों को करेंगे विकसित

-कलेक्टर ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में पर्यटन बोर्ड की जिला स्तरीय कार्यशाला संपन्न

देवास। राज्य शासन की मंशा के अनुरूप प्रदेशभर में पर्यटन स्थलों को विकसित किया जा रहा है, जिससे पर्यटक इन स्थानों को निहारने और घूमने आएंगे। पर्यटन स्थलों के विकसित होने से रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। देवास जिले में कई पर्यटन स्थल है, इन्हें भी विकसित किया जाएगा। उक्त बातें कलेक्‍टर ऋषव गुप्ता ने कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में पर्यटन बोर्ड द्वारा जिला स्तरीय आयोेजित कार्यशाला में कही।

कलेक्टर ने कहा कि पर्यटन बोर्ड के सहयोग से स्व सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों की बिक्री के लिए टेकरी पर दुकान प्रदान की जाएगी। इसमें स्व सहायता समूह द्वारा बनाए गए उत्पाद एवं एमपी ऑनलाइन का कियोस्क होगा। इससे स्व सहायता समूह की महिलाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि टेकरी पर महिला सुरक्षा गॉर्ड भी रखे जाएंगे। साथ ही जिले के पेट्रोल पंप पर कार्य करने के लिए महिलाओं को ट्रेनिंग दी जाएगी तथा इसके बाद उन्हें पेट्रोल पंप पर कार्य करने के लिए नियुक्ति भी प्रदान की जाएगी।

कार्यशाला में बताया गया कि जिले में पर्यटन स्थलों को महिला पर्यटकों की सुरक्षा एवं भ्रमण के लिए अनुकूल बनाना है। महिलाओं की आकांक्षा एवं आत्मविश्वास को इस प्रकार बढ़ाना जिससे वे बिना भय व सुरक्षा की भावना के पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर सकें। कार्यशाला में बताया गया कि लड़कियों व महिलाओं को आत्मरक्षा हेतु प्रशिक्षण प्रदान करना है।

महिलाओं को रोजगार के विभिन्न अवसर उपलब्ध करवाना-

कार्यशाला में बताया गया कि पर्यटन स्थलों पर स्थानीय महिलाओं को रोजगार के विभिन्न अवसर उपलब्ध करवाना है। पर्यटन स्थलों पर महिला सुरक्षा को सुनिश्चित करने हेतु सामुदायिक जनभागीदारी को बढ़ाना है। पर्यटन स्थलों पर महिला सुरक्षा हेतु समुदाय आधारित संस्थाओं व संगठनों का गठन करना। ‘अतिथि देवो भव’ उक्ति को महिला पर्यटकों की सुरक्षा के दृष्टिगत और अधिक मजबूत व सार्थक बनाना। कार्यशाला में जिला पंचायत सीईओ प्रकाशसिंह चौहान, अपर कलेक्टर महेंद्रसिंह कवचे, डिप्टी कलेक्टर शिवानी तरेटिया, पर्यटन बोर्ड के पदाधिकारियों में सुरेश मेवाड़ा, डॉ. आलोक चौबे, अमृता चतुर्वेदी सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।

महिलाओं के लिए हेल्पलाइन-

कार्यशाला में बताया गया कि राष्ट्र एवं राज्य स्तर पर महिलाओं की सहायता के लिए अनेक हेल्पलाइन संचालित की जा रही हैं। 181 हेल्पलाइन महिलाओं को सूचना प्रदान करने हेतु समर्पित है। राष्ट्रीय महिला आयोग भी 24/7 हेल्पलाइन संचालित करता है। महिलाएं 7827170170 पर बात कर सूचना व परामर्श प्राप्त कर सकती है। महिला व बाल विकास विभाग, भारत सरकार द्वारा ऑनलाइन शिकायत MyAmbar App प्रणाली विकसित की गई है, जिस पर महिला कार्यस्थल पर होने वाले यौन उत्पीड़न की शिकायत कर सकती है। My Ambar App के माध्यम से किसी भी प्रकार की आशंका या खतरे को समझने अथवा व निपटने हेतु सहयोग प्राप्त किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *