क्षिप्रा नदी तट पर प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छता अभियान का हुआ शुभारंभ

Posted by

मां क्षिप्रा को स्वच्छ व निर्मल बनाने की ली शपथ, 30 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
देवास। मां क्षिप्रा नदी बचाओ समिति द्वारा पंचतत्व फाउंडेशन और नेहरू युवा केंद्र के संयुक्त तत्वाधान में क्षिप्रा नदी के तट पर प्लास्टिक मुक्त क्षिप्रा और स्वच्छ क्षिप्रा अभियान का शुभारंभ शुक्रवार को किया गया। समिति अध्यक्ष राजेश बराना प्रजापति ने बताया कि ग्राम पंचायत सुकल्या, क्षिप्रा के युवा सरपंच विश्वास उपाध्याय द्वारा गणेश चतुर्थी से माताजी प्रतिमा विसर्जन तक नदी तट पर पर्याप्त व्यवस्थाएं करते हुए तत्काल ही सफाई करवाई गई थी। वर्तमान में नदी में पूजन सामग्री, पॉलिथीन और अन्य प्रकार की सामग्री से पानी दूषित हो रहा था, जिससे स्नान आदि के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को काफ़ी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसलिए ग्राम पंचायत सुकल्या, क्षिप्रा के सहयोग से सफाई अभियान शुरू किया गया है। इसके अंतर्गत नदी तट पर झाड़ू लगाना, नदी से पॉलिथीन और अन्य सामग्री निकालकर बाहर करना और लोगों को स्वच्छता के लिए जागरूक किया गया। पंचतत्व फाउंडेशन की डायरेक्टर शिप्रा पाठक की प्रेरणा से मां क्षिप्रा नदी बचाओ समिति द्वारा चलाया गया यह स्वच्छता अभियान निरंतर और सुविधानुसार 30 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इस अवसर पर नेहरू युवा केंद्र के उप निदेशक अरविंद श्रीधर, लेखापाल अनिल जैन, पंचतत्व फाउंडेशन से सैयद सादिक अली, सलीम शेख सर, मां क्षिप्रा नदी बचाओ समिति से मुकेश जाटव, नरेंद्र शर्मा, सुनील रावत, रमेश रावत, युवराज ठाकुर, सन्नी चौधरी और पपीता जोशी विशेष रूप से उपस्थित थे। अभियान में इस बार महिलाओं और लड़कियों ने बड़-चढ़क़र हिस्सा लिया। जिसमें निकिता चौहान, मुस्कान चौधरी, खुशी चौधरी, शिवानी पटेल, पूनम परमार, आरती डोसी, मेघा जोशी, पूजा डोसी और मुस्कान राजोरिया ने भी सफाई अभियान में सहभागिता की। आगे भी इस प्रकार के अभियान का हिस्सा बनने के लिए अपनी उपस्थिति बनाए रखने की बात कही। कार्यक्रम में सफाई के लिए पंचायत द्वारा साधन उपलब्ध कराए गए थे। सभी ने सफाई में श्रमदान किया। कार्यक्रम के अंत में क्षिप्रा नदी को स्वच्छ व निर्मल बनाने की शपथ दिलाई जाकर प्रमाण पत्र वितरित किए गए। समिति ने शहर सहित जिलेभर की समस्त समितियों से मां क्षिप्रा के स्वच्छता अभियान में हिस्सा लेने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *