टेकरी पर लगा श्रद्धालुओं का तांता

Posted by

mata mandir dewas

  • दाेपहर में तेज धूप में भी कम नहीं हो रही भक्तों की आस्था
  • कोई नंगे पैर तो कोई घुटने के बल पर पहुंच रहा मातारानी के दरबार

देवास। नवरात्रि में टेकरी पर श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। दिन में तेज धूप में भी मातारानी के भक्तों की आस्था कम नहीं हो रही है। टेकरी की ओर जाने वाले रास्ते श्रद्धालुओं की भीड़ से पटे हुए हैं। दूर-दूर से श्रद्धालु मातारानी के दर्शन के लिए देवास आ रहे हैं। एबी रोड पर रातभर उत्सव सा माहौल बना हुआ है। बीच में जगह-जगह चल रहे भंडारे का लाभ भक्त उठा रहे हैं। ऐसे भक्त जिन्हें चढ़ने में परेशानी होती है, वे रोप-वे की सहायता से मातारानी के दरबार में पहुंच रहे हैं।

सारे शहर में नवरात्रि को लेकर अलग ही उत्सव का वातावरण बना हुआ है। भक्त बड़ी संख्या में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। विभिन्न आयोजन समितियों ने भी अपने यहां भव्य पंडाल सजाए हुए हैं। बड़ी संख्या में भक्त यहां भी दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। आज शनिवार को रात्रि में भीड़ और बढ़ने की संभावना है। इसे लेकर प्रशासन ने अपनी ओर से पूरे इंतजाम किए हुए हैं। रविवार को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन होगा। इस दौरान इंदौर-उज्जैन सहित अन्य जिलों से दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ेगी।

mata tekari dewas

इधर शहर में जगह-जगह श्रद्धालुओं की खूब आवभगत हो रही है। बड़ी संख्या में भंडारे संचालित हो रहे हैं। भंडारों में भक्तों को चाय-पानी, फरियाली खिचड़ी, राजगीरा लड्डू, विभिन्न फल सहित अन्य वस्तुएं वितरित की जा रही है। आने वाले भक्त भी इस सेवाभाव से भावविभोर हो रहे हैं। इधर टेकरी पर प्रत्येक गतिविधि की नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनके माध्यम से संदिग्धों पर निगाह रखी जा रही है।

भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर रहे श्रद्धालु- 

टेकरी के शंखद्वार के पास वन विभाग के परिसर में मां चामुंडा सेवा समिति द्वारा किए जा रहे भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने के लिए भक्तों की लाइन लग रही है। भक्तों के लिए यहां चौबीस घंटे ही चाय की व्यवस्था की गई है। साथ ही साबूदाना की खिचड़ी, फरियाली मिक्चर, सब्जी-पूड़ी का वितरण भी हो रहा है। सुबह कन्या पूजन के साथ कन्या भोज हो रहा है। यहां प्रतिदिन सुबह लोक कल्याण की भावना से हवन भी कराया जा रहा है। मां चामुंडा सेवा समिति के रामेश्वर जलोदिया ने बताया कि आयोजन में 100 से अधिक कर्मचारी भोजन प्रसाद बनाने में जुटे हैं। हमारी समिति के सभी सदस्य प्रसाद वितरण सहित अन्य व्यवस्था में लगे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *